मोदीनगर : कोतवाली क्षेत्र के बिसाेखर रोड से पैठ हटाने के मामले में लोगों में आक्रोश पनप रहा है। बुधवार को लोगों ने फिर से मोदीनगर तहसील पर हंगामा किया। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोग एसडीएम कार्यालय के बाद धरने पर बैठ गए। दोपहर को एसडीएम से आश्वासन के बाद वे शांत हुए। बिसाेखर रोड पर सप्ताह में चार दिन पैठ लगती हैं। जहां बड़ी संख्या में लोग सामान बेचने आते हैं। इसी से उनके परिवार का गुजारा चलता है। लेकिन अब नगरपालिका की तरफ से यहां पैठ नहीं लगाने का बोर्ड लगा दिया है। जिसके चलते लोगों के सामने आर्थिक तंगी खड़ी हो गई है। परेशान लोगों ने मंगलवार को मोदीनगर तहसील में हंगामा किया। इसके बाद वे बुधवार को भी सुबह ही तहसील पहुंच गए। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी यदि पैठ दोबारा से शुरू नहीं हुई तो वे आंदोलन को विवश होंगे। इस तरह लोगों का उत्पीड़न किसी सूरत में सही नहीं है।