मोदीनगर:हापुड़ रोड पर रेलवे लाइन स्थित हनुमानपुरी कॉलोनी मार्ग पर गुरुवार की देर रात एक बेकाबू कार नाले में गिर गई। कार में सवार पांचों युवकों ने शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि नाले की गहराई ज्यादा नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था गांव खंजरपुर निवासी रोहित, विकास और गांव चूड़ियाला निवासी सौरभ, गौरव व सुजीत गुरुवार रात कार से हनुमानपुरी मार्ग पर जा रहे थे। इसी बीच सामने से एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने नाले में पलट गई। कार सवार युवक किसी तरह खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहे।एक सप्ताह में दूसरी यह घटना क्षेत्र में यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, क्योंकि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब कोई वाहन इस नाले में गिरा है। इससे पहले यहां एक ई-रिक्शा भी गिर गया था। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाल लिया गया है। इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है।
