Disha Bhoomi

Modinagar तहसील के पास से गुजर रहे रजवाहे की पटरी बुधवार रात टूट गई। इससे दिल्ली-मेरठ मार्ग सहित तहसील परिसर में भी कई फीट पानी भर गया। हाईवे पर जाम लग गया। राहगीरों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चले कि दिल्ली मेरठ मार्ग पर सिंचाई विभाग का रजवाहा निकलता है। इस रजवाहे से कई गांवों के किसान अपने खेतों की सिंचाई करते हैं। स्थानीयों ने बताया कि पिछले तीन दिन से रजवाहा ओवरफ्लो चल रहा है। इसी वजह से कल रात करीब 9 बजे तहसील व राधे एंक्लेव कॉलोनी के पास रजवाहे की पटरी कट गई। देखते ही देखते दिल्ली मेरठ मार्ग पूरी तरह से तालाब में बदल गया। सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। इतना ही नहीं, रजवाहे का पानी तहसील परिसर में भी पहुंच गया। सड़क पर पानी आने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा हैं। अभी तक पानी मार्ग से हटाया नहीं गया है। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता युवराज सिंह ने बतायाए बारिश के कारण खेतो में सिंचाई नहीं हो रही है, इसलिए रजवाहा ओवरफ्लो चल रहा था। पटरी कटने के कारण पानी भरा है। इसे ठीक कराने के प्रयास किए जा रहा है। उपजिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। रजवाहे की पटरी ठीक कराकर दिल्ली मेरठ मार्ग में पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *