नई दिल्ली. भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र पहुंच चुकी है. इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के कलामनुरी में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों के साथ ढोल पर हाथ आजमाया. वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनुराग ठाकुर ने रविवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या विपक्षी दल ने किसी रणनीति के तहत हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार करने से उन्हें दूर रखा? हिमाचल प्रदेश में शनिवार को वोट डाले गये, जहां कांग्रेस जयराम ठाकुर नीत भाजपा सरकार को शिकस्त देना चाहती है.

भाजपा नेता ने कहा, ‘यह वही नेता हैं जो उत्तर प्रदेश से चुनाव हारने के बाद वहां कभी नजर नहीं आये हैं। कांग्रेस को अपना अध्यक्ष चुनने में तीन साल लगे, जो पार्टी की स्थिति को बयां करता है.’ राहुल गांधी ने सात सितंबर को कन्याकुमारी से 150 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है. यात्रा 12 राज्यों में 3,570 किमी से अधिक की दूरी तय कर जनवरी में श्रीनगर पहुंचेगी.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था कि उनके नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का संदेश यह है कि भारत को बांटा नहीं जा सकता और नफरत नहीं फैलाई जा सकती. अपने दोस्त और पूर्व कांग्रेस सांसद राजीव सातव के गृह जिले हिंगोली में रात में ठहरने से पूर्व पैदल यात्रा में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए गांधी ने दिवंगत नेता के साथ अपने जुड़ाव को भी याद किया था.

राहुल गांधी ने कहा था, ‘यह यात्रा श्रीनगर में समाप्त होगी और हम यह संदेश देंगे कि भारत को बांटा नहीं जा सकता और नफरत नहीं फैलाई जा सकती। यात्रा का यही उद्देश्य है.’ गांधी ने उपस्थित लोगों से पूछा था कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश के लिए अपना खून-पसीना बहाने वालों और देश का पेट भरने वालों के लिए क्या किया. राहुल गांधी ने कहा था, ‘‘वे हमारे दोस्त हैं लेकिन (हमारी) मदद करने में असमर्थ हैं. कोई और उन्हें नियंत्रित कर रहा है. वे चाहकर भी बोल नहीं सकते हैं.’ (इनपुट भाषा से)

Tags: Bharat Jodo Yatra, Rahul gandhi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *