अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने दी भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई। - India TV Hindi

Image Source : FILE
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने दी भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई।

75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर अमेरिका ने भारत को बधाई दी है। अमेरिका ने कहा है कि भखारत का संविधान दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए एक स्थाई ढांचा और वैश्विक नेतृत्व के लिए आधार प्रदान कर रहा है। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शुक्रवार को भारत के 75वें गणतंत्र दिवस पर भारतीयों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के ‘‘लोगों के आपसी जीवंत संबंध’’ और गहरे होने की उम्मीद जताई। ब्लिंकन ने एक बयान में कहा कि पिछला वर्ष ‘‘जी20 की भारत की सफल अध्यक्षता और जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में हमारे सहयोग समेत कई कदमों के कारण हमारी समग्र वैश्विक एवं रणनीतिक साझेदारी’’ के लिहाज से बहुत अहम रहा।

 

अमेरिकी विदेशमंत्री ने कहा, ‘‘आगामी वर्ष में हम अपने देशों के लोगों के बीच आपसी जीवंत संबंधों को और गहरा करने तथा हमारी सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं पर सहयोग करने के वास्ते हमारे महत्वाकांक्षी एजेंडे को आगे ले जाने के लिए उत्सुक हैं।’’ ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत के साथ अमेरिका के संबंधों को ‘‘दुनिया में सबसे उपयोगी संबंधों में से एक’’ कहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारत के गणतंत्र दिवस पर अमेरिका की ओर से भारतीयों को बधाई देता हूं। भारत का संविधान दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए एक स्थायी ढांचा और वैश्विक नेतृत्व के लिए एक आधार प्रदान करता रहा है। मैं इस अवसर का जश्न मना रहे भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। (भाषा) 

 

बाइडेन नहीं आ सके भारत

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन गणतंत्र दिवस पर भारत आने वाले थे। उन्हें इस मौके पर भारत ने मुख्य अतिथि बनने का निमंत्रण दिया था। मगर अपनी व्यस्तताओं और अमेरिका में 2024 के लिए चल रहे राष्ट्रपति चुनावों के मद्देनजर वह नहीं आ सके। इसके बाद भारत ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को गणतंत्र दिवस के मौकै पर मुख्य अतिथि बनाया है। भारत और फ्रांस की सेनाएं आज कर्तव्य पथ पर अपना कौशल दिखा रही हैं। 

यह भी पढ़ें

Latest World News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *