DishaBhoomi

Modinagar शहर में दौड़ रहीं ई-बसों को चार्ज करने के लिए अगले सप्ताह से दो और चार्जर मिलने वाले हैं। इससे बसों को चार्ज करने के लिए ज्यादा बिंदु मिलेंगे जिससे सभी बसों का नियमित संचालन करने में सहूलियत होगी। अकबरपुर-बहरामपुर स्थित ई बस डिपो में मौजूदा समय में पांच चार्जर हैं जिनसे रोजाना 30 बसों को चार्ज किया जाता है।
ई-बसों को चार्ज करने के लिए ई-बस डिपो परिसर में पांच चार्जर लगाए गए थे। तकनीकी कारण की वजह से पिछले कुछ दिनों से दो चार्जर में समस्या आ रही थी। जिसकी वजह से ई-बस को चार्ज करना मुश्किल हो रहा था। ई-बस डिपो प्रभारी पीआर बेरिवालिया ने बताया कि पिछले दिनों चार्जिंग में समस्या आने की वजह से बस चार्ज नहीं हो पा रही थीं। दो चार्जर तकनीकी खराबी आने की वजह से ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इससे बसों को चार्ज करने में ज्यादा समय लग रहा था। निजी कंपनी के अधिकारियों को खराब चार्जर की जानकरी देने के बाद चार्जर ठीक कराया गया। उन्होंने बताया कि भविष्य में इन बसों की चार्जिंग में कोई समस्या ना हो इसके लिए अगले सप्ताह दो और चार्जर लगाए जाएंगे। भविष्य में इस साल के आखिर तक तीन और चार्जर लगेंगे। डिपो में उसके बाद कुल 10 चार्जर हो जाएंगे।
अगली महीने ई-बसों का बेड़ा पूरा होगा
अगले महीने तक रोडवेज को 20 बसें और मिलनी हैं। उसके बाद रोडवेज के बेड़े में कुल 50 ई बसें हो जाएंगी। मौजूदा समय में शहर के तीन रूट कौशांबी-मोदीनगर, लोनी-पुराना बस अड्डा, दिलशाद गार्डन-पुराना बस अड्डा-मसूरी पर कुल 29 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। ई बस डिपो प्रभारी पीआर बेरिवालिया ने बताया कि मुंबई स्थित निजी कंपनी के उच्च अधिकारियों से वार्ता हुई है। जुलाई माह के आखिरी सप्ताह से ई-बस मिलनी शुरू हो जाएगी। अगस्त माह में कुल 50 ई-बस हो जाएंगी। जिसके बाद शहर के चार रूट पर ई-बसों का संचालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *