मोदीनगर। जीवन अस्पताल के सामने सीवरलाइन व रैपिड ट्रेन का काम एक साथ चलने के कारण शुक्रवार को दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम लग गया। इसके अलावा अम्बर सिनेमा के सामने बस खराब होने के कारण स्थिति विकराल हो गई। जाम के कारण दिल्ली मेरठ मार्ग पर एक किलोमीटर लम्बी वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने बस को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
अम्बर सिनेमा के सामने वाहनों को यूटर्न लेने के लिए कट बनाया गया है। ठीक इसके सामने ही सीवर लाइन डालने के लिए गहरा गड्डा खोद रखा है। जिस कारण सड़क सकरी हो गई। शुक्रवार सुबह आठ बजे से ही दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम लगना श्ुारू हो गया। सुबह नौ बजे के आसपास अम्बर सिनेमा के सामने एक डग्गामार बस खराब हो गया। जिस कारण जाम की स्थिति विकराल हो गई और वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। देखते ही देखते वाहनों की लम्बी लाइन लग गई। वाहन रेंग रेंगकर चल रहे थे। जाम के कारण अम्बर सिनेमा से लेकर मोदीनगर थाना तक वाहनों की लम्बी लाइन लग गई। सुबह आठ बजे से लेकर ग्यारह बजे तक लगे जाम के कारण गाजियाबाद से मेरठ की और जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सवा ग्यारह बजे के आसपास पुलिस ने बस को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि जाम को देखते हुए दिल्ली मेरठ मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *