Modinagar | सुहागिनों का प्रिय पर्व करवा चौथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सुहागिनों ने निर्जल व्रत रखकर पतियों की लंबी उम्र की कामना की। वहीं पतियों ने भी पत्नियों के लिए सरप्राइज गिफ्ट प्लान किया। चांद का दीदार करते ही खुशियों की बहार आ गई।
चंद्रमा का दर्शन होते ही छा गई खुशियां
कार्तिक कृष्ण चतुर्थी के दिन गुरुवार को करवा चौथ पर्व परंपरागत रूप से मनाया गया। सुहागिनें दिन भर निर्जल व्रत रहीं और अखंड सौभाग्य की कामना की। रात को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर चंद्रमा को अर्घ्य दिया।
पति को भोजन कराने के बाद किया पारण
पति को भोजन कराने के बाद सुहागिनों ने पारण किया। चंद्रमा का दर्शन होते ही खुशियां छा गईं। चंद्र दर्शन कर व्रतियों ने पति की दीर्घायु व सुख-समृद्धि की कामना की। पति का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
सजना के लिए सुहागिनों ने किया सोलह श्रृंगार
प्रातः काल सुहागिनें स्नानादि से निवृत्त होकर वस्त्राभूषणों से सुसज्जित हुईं। श्रृंगार किया, भक्ति भाव से गौरी-गणेश की पूजा की। पकवानों से भरे हुए दस मिट्टी के करवों को गणेश जी को अर्पित किया। साथ ही भगवान शिव, माता पार्वती व कार्तिकेय की भी पूजा-अर्चना की।
चंद्रमा के उदय होने पर दिया अर्घ्य
सायं पुनः गौरी-गणेश की पूजा करने के बाद चंद्रमा के उदय होने पर अर्घ्य दिया और करवा से पूजा की।
चंद्र दर्शन के बाद महिलाओं ने चलनी के झरोखे से पति को देखा। पति और घर के बड़ों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
सेल्फी में कैद किया खूबसूरत पल
व्रतियों ने चंदमा को अर्घ्य देने के बाद पतियों के साथ सेल्फी लेकर पल को यादगार बनाया। इस दौरान पतियों ने भी पत्नियों को खुश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और उनका साथ दिया। शहर में रहने वाली मुन्नी देवी, कविता, ललीता, सुमन, अनीता और रेखा ने बताया कि यह पर्व हमारे लिए सबसे खास है। करवा चौथ का इंतजार पूरे साल रहता है।
सरप्राइज गिफ्ट पाकर झूम उठीं सुहागिनें
सुहागिनों ने चांद का दीदार कर चलनी के झरोके में पति को देख उनसे आशीर्वाद लिया। पतियों ने पत्नियों को खुश करने के लिए सरप्राइज गिफ्ट दिया। सुहागिनें पति के प्यार के साथ सरप्राइज गिफ्ट पाकर खुशी से झूम उठीं।
इंटरनेट मीडिया पर भी रही करवा चौथ की धूम
ज्यादातर व्रती सुहागिनों ने पति के हाथों पानी पीते वक्त फोटो खिंचवाई और इंटरनेट मीडिया के अकाउंट पर पोस्ट कर दी। व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित तमाम इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर करवा चौथ की धूम रही।
Disha Bhoomi
