मोदीनगर :गांव रोरी निवासी 24 वर्षीय युवक रिंंकू का शव बृहस्पतिवार को सुचेतापुरी कॉलोनी के पीछे गंदे नाले में मिला था। रिंकू चार दिन से लापता था। शुक्रवार को रिंकू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।कोतवाली क्षेत्र के गांव रोरी के इंदरपाल का 25 वर्षीय रिंकू किसान था। वह 25 जनवरी की शाम को अपनी माता मंजू को लेकर अस्पताल गया था। अस्पताल में मां को छोड़कर थोड़ी देर में आने के लिए बोलकर रिंकू कहीं चला गया। रात तक भी वह नहीं लौटा। कुछ देर बाद मोबाइल भी बंद हो गया। अगले ही दिन स्वजन ने थाने में शिकायत दी। जिसपर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन निकाली। जिसमें आखिरी बार मोबाइल गोविंदपुरी में गड्ढे वाले मैदान के पास एक्टिव दिखा। बृहस्पतिवार सुबह स्वजन व रोरी गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण खुद ही रिंकू की तलाश में निकल पड़े। उन्होंने फावड़े, लाठी व डंडों से गड्ढे वाले मैदान के बराबर से गुजर रहे नाले में खोजबीन की। कुछ ही देर में रिंकू का शव नाले में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। शुरूआत में हत्या कर शव को फेंके जाने का अंदेशा था। लेकिन पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रिंकू की मौत नाले में डूबने से होने की पुष्टि हुई है। शव स्वजन को सुपुर्द कर दिया गया है।
