Modinagar। एक फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिक के नाम रसगुल्ला बनाने की फैक्टरी का फर्जी तरीके से लाईसेंस बनवाने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मुकीमपुर निवासी तालिब परिवार सहित रहता है। वह रसगुल्ला बनाने की फैक्टरी में मजदूरी करके परिवार का लालन पालन करता है। तालिब ने बताया कि एक साल पहले फैक्टरी स्वामी ने आधार, पैन कार्ड, फोटो व अन्य दस्तावेज मांगे थे। आरोप है कि फैक्टरी स्वामी द्वारा उन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पीड़ित नाम पर रसगुल्ले की फैक्टरी का लाईसेंस बनवा लिया। गत अक्टूबर 2021 में फैक्ट्री पर प्रशासन की टीम ने छापेेमारी की। मानक पूरे नहीं मिलने पर तालिब के नाम पर नोटिस जारी कर दिया। जब नोटिस तालिब को मिला तो वह यह देखकर हक्का बक्का रह गया। मजदूर तालिब ने फैक्टरी स्वामी से इसके बारे में जानकारी मांगी तो वह मारपीट करने लगा। पीड़ित ने इस संबंध में भोजपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कार्ट ने भोजपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए है। थाना प्रभारी मुनेश सिंह ने बताया कि फैक्टरी स्वामी राहुल व निर्भय निवासी गांव मुकीमपुर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।