हाइलाइट्स
तमिल थलाइवाज लो स्कोरिंग मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स से हारे
हरियाणा की इस सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की
वहीं तेलुगु टाइटंस ने PKL 9 में लगातार दो मैच हारने के बाद पहली जीत दर्ज की
नई दिल्ली. प्रो कबड्डी लीग (PKL 9) के 12वें मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स ने तमिल थलाइवाज को लो-स्कोरिंग मुकाबले में 27-22 से हरा दिया है. हरियाणा की यह इस सीजन की लगातार दूसरी जीत है. वहीं, थलाइवाज को सीजन की पहली हार मिली है. थलाइवाज का पहला मुकाबला टाई रहा था. पवन सहरावत चोट की वजह से इस मुकाबले में भी उपलब्ध नहीं थे. पवन की कमी थलाइवाज को महसूस हुई. मैच की शुरुआत काफी धीमी रही और पहले 10 मिनट में कोई टीम 10 प्वाइंट नहीं बना सकी थी.
एक अन्य मैच में पटना पाइरेट्स को हराते हुए तेलुगु टाइटंस ने सीजन में अपनी पहली जीत हासिल की. टाइटंस ने पटना पाइरेट्स को 30-21 से हराया.
स्टीलर्स और थलाइवाज, दोनों टीमों के रेडर्स लगातार संघर्ष कर रहे थे और डिफेंडर्स की बदौलत स्कोर आगे बढ़ रहा था. पहला हाफ समाप्त होने से ठीक पहले हरियाणा के मनजीत ने एक ही रेड में दो प्वाइंट्स लेते हुए थलाइवाज को ऑल आउट के करीब पहुंचा दिया. 19वें मिनट में थलाइवाज को ऑल आउट करके हरियाणा ने 14-8 से बढ़त ले ली थी. अंतिम मिनट में दो प्वाइंट लेकर थलाइवाज ने हाफ तक हरियाणा की बढ़त को कम कर दिया, पहले हाफ में दोनों टीमों ने छह-छह टैकल प्वाइंट्स लिए थे.
दूसरे हाफ में डिफेंडर्स का जलवा
दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने गजब का डिफेंस दिखाया. दोनों टीमों के रेडर एक-एक अंक को तरस गए. दोनों ओर के डिफेंडर्स ने लगातार प्वाइंट बनाए. हरियाणा से जयदीप और थलाइवाज से सागर राठी लगातार अपनी टीम के लिए डिफेंस में प्वाइंट ले रहे थे. मनजीत इकलौते रेडर जिन्होंने पांच या उससे अधिक रेड प्वाइंट हासिल किए. थलाइवाज के सभी रेडर्स मिलकर केवल सात रेड प्वाइंट ले सके.
तेलुगु टाइटंस ने पटना पाइरेट्स को 30-21 से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की. (Photo- PKL Twitter page)
तेलुगु टाइटंस ने पटना पाइरेट्स को हराकर दर्ज की पहली जीत
प्रो कबड्डी लीग में 13वें मुकाबले में तेलुगु टाइटंस ने पटना पाइरेट्स को 30-21 से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की. पहले दो मुकाबले लगातार हारने के बाद टाइटंस को पहली जीत नसीब हुई है. वहीं, पटना की टीम लगातार दूसरा मुकाबला हार गई. टाइटंस ने मैच से पहले बड़ा फैसला करते हुए अपने कप्तान रविंदर पहल को ही टीम से बाहर कर दिया और सुरजीत सिंह को कप्तानी सौंपी गई थी.
टाइटंस मुकाबले में शुरुआत से ही कंट्रोल में दिख रहे थे. पटना ने भी संभलकर खेला और टाइटंस को अधिक बढ़त लेने का मौका नहीं दिया. हालांकि, 17वें मिनट में मोनू गोयत ने एक ही रेड में पटना को ऑल आउट किया और टाइटंस को 8 प्वाइंट की बढ़त दिला दी. हाफ टाइम होने तक टाइटंस ने अपने 8 प्वाइंट की बढ़त को बरकरार रखा. मोनू ने पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन किया और 10 रेड मारी और 8 प्वाइंट बनाए. सिद्धार्थ देसाई भी रंग में दिखाई दिए, उन्होंने भी पहले हाफ में 6 रेड प्वाइंट लिये. पटना के लिए सचिन तनवर और रोहित गुलिया ने 4-4 रेड प्वाइंट्स हासिल किए.
दूसरे हाफ टाइटंस ने थर्ड रेड पर खेलने का फैसला लिया. इस हाफ के पहले 12 मिनट में दोनों टीमों ने मिलाकर केवल 9 प्वाइंट बनाए. टाइटंस ने दूसरे हाफ में प्वाइंट लेने पर ज्यादा रुचि नहीं दिखाई, वह केवल बढ़त को बरकरार रखने पर ध्यान दे रहे थे. वहीं, पटना के रेडर्स की लगातार कोशिश के बावजूद टाइटंस के करीब नहीं पहुंच पाई. मोनू गोयत टाइटंस के लिए स्टार रहे जिन्होंने नौ रेड और एक टैकल प्वाइंट अपने नाम किया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Haryana steelers, Patna pirates, Pro Kabaddi League, Pro Kabaddi League News, Sports news, Tamil thalaivas, Telugu titans
FIRST PUBLISHED : October 11, 2022, 22:32 IST
