Modinagar कोरोना महामारी के चलते दो साल के अंतराल के बाद इस साल आयोजित हो रही रही कांवड़ यात्रा में अधिक भीड़ रहने का अनुमान है। इस वर्ष यात्रा पर आतंकी हमले व सांप्रदायिक दंगे का भी साया है। जिले में साढ़े तीन हजार पुलिसकर्मी यात्रा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। बड़ी संख्या में पीएसी के जवान भी तैनात किए जाएंगे। पूरे रूट पर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी दिखाई देंगे। सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों ने फुल प्रूफ प्लान तैयार कर लिया है। पुलिसकर्मियों की तैनाती के स्थान भी तय किए जा रहे हैं। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस ने बाहरी जिलों से पीएसी कर्मियों की मांग भी की है।
सादे वस्त्रों में भी तैनात किए जाएंगे पुलिसकर्मी यात्रा को सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कांवड़ मार्गों पर सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी आम आदमी की तरह रूट पर घूमकर क्षेत्र की गतिविधियों पर निगाह बनाए रखेंगे और अधिकारियों को अवगत कराएंगे।
कांवड़ियों के वेश में रहेंगे पुलिसकर्मी पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों के वेश में भी कांवड़ रूट पर तैनात किया जाएगा। वह उनके बीच रहकर माहौल को भांपेंगे। साथ ही वह संदिग्ध व्यक्तियों व सामान पर भी निगाह रखेंगे। वह कांवड़ियों से घुले-मिले रहेंगे।
कई जोन व सेक्टरों में बांटा गया कांवड़ रूट कांवड़ रूट को कई जोन व सेक्टरों में बांटा गया है। चार सुपर जोन बनाए गए हैं, जिसमें एक एसपी और एक एडीएम की तैनाती की गई है। नौ जोन बनाए गए हैं। प्रत्येक जोन में एक एसडीएम व एक सीओ की तैनाती की गई है। पूरे रूट को 19 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक-एक इंस्पेक्टर व एक-एक प्रशासनिक अधिकारी की तैनाती की गई है।
25 ड्रोन रखेंगे कांवड़ यात्रा पर नजर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में 25 ड्रोन यात्रा पर निगाह रखेंगे। कांवड़ यात्रा के रूट में आने वाले प्रत्येक थाना क्षेत्र में दो से तीन ड्रोन दिए जाएंगे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचने के लिए पुलिस ड्रोन के माध्यम से यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित कराएगी।
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर प्लान तैयार कर लिया गया है। 3500 से अधिक पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा। इसके साथ होमगार्ड व पीएसी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगेंगे।
Disha Bhoomi
