Modinagar | गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली आखिरकार पूरी तरह से लागू हो गई। पहले पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने सभी पुलिस अफसरों को उनके क्षेत्र और कामकाज बांट दिए हैं। सभी अधिकारियों के पदनाम भी बदल गए हैं।
पुलिस कमिश्नर के नीचे एक एडिशनल पुलिस कमिश्नर होंगे, जो डीआईजी रैंक के रहेंगे। शासन से इस पद पर आईपीएस ऑफिसर दिनेश कुमार पी. को नियुक्त किया गया है। दिनेश कुमार अभी तक सीनियर एसपी हैं, लेकिन अगले महीने वे डीआईजी हो जाएंगे, इसलिए एडवांस में उनकी तैनाती कर दी गई है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर के नीचे तीन डीसीपी होंगे। इसमें डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल, डीसीपी ट्रांस हिंडन दीक्षा शर्मा और डीसीपी ग्रामीण ईरज राजा होंगे। ये तीनों अधिकारी अभी तक गाजियाबाद में बतौर एसपी ही पोस्टेड थे। इसके अलावा एडीसीपी के भी तीन पद शासन ने स्वीकृत किए हैं। ये तीनों एडीसीपी ट्रैफिक, क्राइम, महिला अपराध, यूपी-112, पुलिस लाइन का कार्यभार संभालेंगे।
एसीपी कोतवाली, नंदग्राम और कविनगर की रिपोर्टिंग डीसीपी सिटी को होगी। एसीपी इंदिरापुरम और साहिबाबाद अपनी रिपोर्ट डीसीपी ट्रांस हिंडन को देंगे। जबकि एसीपी लोनी, मोदीनगर, मसूरी और वेव सिटी के रिपोर्टिंग हेड डीसीपी ग्रामीण होंगे। एक एसीपी के अधीन औसतन 2 से 3 थाने रहेंगे।
62 नए कांस्टेबल मिले
गाजियाबाद को हाल ही में 62 नए कांस्टेबल दूसरे जनपदों से मिले हैं। इसके अलावा मेरठ समेत आसपास के जनपदों के एसएसपी ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में जाने के इच्छुक कांस्टेबलों से आवेदन देने के लिए कहा है।
कुल मिलाकर आने वाले 10-15 दिनों में गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की एक बड़ी फौज खड़ी दिखाई देगी।
Disha Bhoomi
