Modinagar सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने बुधवार की सांय जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारी व अलावा विधायक डॉ0 मंजू शिवाच भी पहुंच गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बात कर निर्माण कार्य में दो फीसद मानकों का पालन कराए जाने का आश्वासन दिया।
बताते चले कि इन दिनों ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा सीकरीखुर्द मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। दो दिन पहले खुदाई कर मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई। उस दौरान भी स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त की कि सीकरीखुर्द रोड से 20 से ज्यादा गांवों की बड़ी आबादी गुजरती है। इसलिए वहां से रास्ता पूरी तरह बंद किया जाना उचित नहीं है।
बुधवार को लोगों ने देखा कि कार्यदायी संस्था 20 फीट चौड़ाई की बजाय केवल 15 फीट चौड़ी सड़क बना रही है। इसका लोगों ने विरोध करते हुए आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था, सरकार व जनता की गाढ़ी कमाई खुद हजम करना चाहती है। लोगों को योजना का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सीकरीखुर्द रोड तीन साल से भी ज्यादा समय से बदहाल है। लोग परेशानी झेल रहे हैं। इसके बावजूद आधा अधूरा काम सालों बाद भी किया जा रहा है। इसकी जानकारी मिलते ही विधायक डॉ0 मंजू शिवाच भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने मौके पर विभागीय अधिकारियों को बुलाया। विस्तृत बातचीत कर विधायक ने आश्वस्त किया कि कार्यदायी संस्था सही और मानकों के अनुरूप ही काम करेगी। स्थानीय निवासी व पूर्व सभासद दीपक वत्स ने बताया कि लोगों की परेशानी को कार्यदायी संस्था नहीं समझ रही है। लंबे समय बाद काम शुरू किया गया। इसके बावजूद मानकों के विरुद्ध कार्य किया जा रहा है।
Disha Bhoomi
