उत्तरप्रदेश के गजरौला में प्रेम प्रसंग में हुए विवाद में डायल 112 पर तैनात एक सिपाही ने एक महिला सिपाही के गोली मार दी। सिपाही ने अपने भी गोली मारकर आत्महत्या करनी चाही। दोनों घायल सिपाहियों को सीएचसी ले जाया गया, हालत गंभीर होने के चलते दोनों को मुरादाबाद रेफर किया गया। पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

मुजफ्फरनगर निवासी महिला सिपाही मेघा चैधरी गजरौला की अवंतिकानगर कालोनी में किराए पर रहती हैं। मेघा का थाना सैदनगली में पीआरवी पर तैनात सिपाही मनोज कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा है। मनोज हरियाणा के जिला कैथल के थाना कुंडरी क्षेत्र के गांव पाई का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि 2018 बैच के पुलिसकर्मी हैं। दोनों में शादी को लेकर विवाद चल रहा था। मेघा शादी से इनकार कर रही थी। रविवार की शाम भी दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था। जिसके बाद रविवार शाम करीब छह बजे मेघा के कमरे पर पहुंचा और तमंचे से मेघा के ऊपर फायर कर दिया। गोली मेघा की छाती पर लगी।

उसके बाद सिपाही मनोज ने खुद को भी गोली मारकर लहुलूहान कर लिया। गोली की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद महिला सिपाही प्रिया मौके पर पहुंची और तत्काल थाना पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस दोनों को सीएचसी ले गई। जहां गंभीर हालत के चलते दोनों को मुरादाबाद के साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुनीति भी मौके पर पहुंच गईं और मामले की जानकारी ली। एसपी सुनीति ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। दोनों की हालत नाजुक है। उनके परिजनों को सूचना दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *