मोदीनगर। सिचाई का पानी रजवाहे द्वारा खेत तक नहीं पहुंचने से नाराज गांव गदाना निवासी किसान शुक्रवार को तहसील परिसर में डीजल लेकर पहुंचे और आत्मदाह करने का प्रयास किया। डीजल की बोतल छीनने को लेकर पुलिस व किसान के बीच काफी देर तक छीना झपटी होती रही। किसान को उपजिलाधिकारी ने समझा बुझाकर शांत किया।
गांव गदाना निवासी मनोज नेहरा शुक्रवार दोपहर बारह बजे के आसपास हाथ में डीजल की बोतल लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। जैसे ही मनोज नेहरा ने डीजल अपने ऊपर डालने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। डीजल की बोतल छीनने को लेकर किसान व पुलिस के बीच काफी देर तक जदोजहद होती रही। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी आदित्य प्रजापति ने किसान को समझा बुझाकर शांत किया और जल्द उनकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। किसान मनोज नेहरा का आरोप है कि सिचाई विभाग का पानी रजवाहे में खेत तक नहीं पहुंच पा रहा है। जिस कारण सिचाई नहीं हो पा रही है। जल्द सिचाई नहीं हुई तो अगली फसल की बुआई में देर हो जाएगी। किसान को किसी तरह एसडीएम ने समझा बुझाकर शांत किया ओर मामले को रफादफा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *