मोदीनगर। समाज में बेटियों के प्रति बढ़ते आपराधिक प्रकरणों और बेटियों को सुरक्षित व मजबूत बनाने की पहल के तहत अब बेटियों को सबल बनाने की जिम्मेदारी विशेष प्रशिक्षकों के हाथों में सौंपी जाएगी। बेटियों की सुरक्षा व उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन की ओर से कई कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। मिशन शक्ति अभियान भी चलाया गया है। अभी कुछ दिन पहले ही माध्यमिक विद्यालयों में विशेष मिशन शक्ति अभियान चलाया गया है। इसके तहत छात्राओं व बेटियों को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए जाएंगे। बेटियों की भागीदारी कुछ संस्थानों से कम है तो कुछ संस्थानों से ज्यादा है। ज्यादा संख्या में बेटियां आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लें और विषम परिस्थितियों का सामना कर सकें, इसके लिए शासन स्तर से नई योजना शुरू की जा रही है। इसका लाभ बेटियों को मिलेगा। साथ ही शिक्षिकाएं भी इसके प्रति जागरूक होंगी।
छात्राओं को मिलेगा आत्मरक्षण प्रशिक्षण
इस व्यवस्था के तहत कवायद तेज कर दी गई है। माध्यमिक विद्यालयों में बड़ी कक्षाओं की बेटियों को पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर अभी बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों मेें भी मिशन शक्ति अभियान चलेगा। यहां कक्षा छह से आठवीं तक की छात्राएं पढ़ती हैं। पढ़ाई शुरू होने के साथ ही उनको आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को अभियान के तहत ताइक्वांडो सिखाने की व्यवस्था की गई है। छात्राओं को ताइक्वांडो के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के जरिए इस विधा का ज्ञान कराया जाएगा। इसको मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत जोड़कर किया जाएगा। हर छात्रा को यह प्रशिक्षण दिलाया जाना अनिवार्य किया गया है। इसकी रिपोर्ट भी अफसरों के पास भेजी जाएगी। रिपोर्ट भी फोटो आख्या के साथ देने के निर्देश जारी किए गए हैं। बालिका विद्यालयों में ताइक्वांडो के प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञों की उपलब्धता के लिए खेल विभाग से भी संपर्क किया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि बेटियों को ताइक्वांडो के गुर सिखाने के लिए अगर महिला प्रशिक्षक मिल जाएं। जिला विधालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाने की व्यवस्था की जा रही है। खेल प्रशिक्षकों को व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए हैं। विधिवत कक्षाओं के संचालन के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू कराया जाएगा। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास भी जगेगा।