मोदीनगर। बीती रात दो बदमाशो ने एक किसान के मकान में पीछे की दीवार पर सीढ़ी लगाकर घुसकर घर का सारा सामान लूटकर ले गए। विरोध करने पर एक बदमाश ने मकान मालिक के मुंह में पिस्टल डाल दी और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है।
भोजपुर थानान्तर्गत फजलगढ़ निवासी बृजवीर किसान हैं। वह दूसरे के खेतों पर मजदूरी भी करते हैं। बुधवार रात करीब दस बजे उनकी पत्नी सोनू व बेटा लक्की नीचे वाले कमरे में सोने चले गए। थोड़ी देर बाद बृजवीर भी छत पर सोने चले गए। इस बीच रात करीब एक बजे नीचे से सामान गिरने की आवाज आई। वह आनन-फानन में नीचे पहुंचे तो देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है। उन्होंने अपनी पत्नी को आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इतने में ही एक बदमाश पीछे से आया और बृजवीर को पकड़ लिया। दोनों में हाथापाई होने लगी। इस बीच दूसरे बदमाश ने पिस्टल निकालकर बृजवीर के मुंह में डाल दी। गाली-गलौज कर बदमाश उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर से सामान लेकर पीछे की दीवार कूदकर भाग गए। इसके बाद बृजवीर ने कमरे में जाकर देखा तो बेटा व पत्नी बेहोश पडें थे। पीड़ित ने सारे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
