मोदीनगर। रालोद अध्यक्ष चैधरी जयंत सिंह ने कहा कि पांच साल में लोग भाजपा के चेहरे को पहचान गए हैं। इनकी कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने योगी पर भी निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए। जयंत सिंह ने बॉलीवुड की अभिनेत्री कंगना रनौत के बारे में कहा कि किसानों को आतंकवादी कहने वाली कंगना भाजपा की प्रत्याशी बनने जा रही है। हमें इसे याद रखने की जरूरत है। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक महेंद्र टिकैत के बारे में कहा कि बाबा टिकैत तपस्वी थे। उन्होंने किसानों का कल्याण किया था। उन्होंने कहा कि मैं मर जाऊंगा, लेकिन किसानों का मान और सम्मान कम नहीं होने दूंगा। बताते चले कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वः चैधरी चरण सिंह की जन्मस्थली मोदीनगर हापुड़ रोड स्थित गांव नूरपुर में जयंत चैधरी आशीर्वाद पथ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। जयंत चैधरी ने घोषणा की कि सत्ता में आने पर उनकी सरकार स्वः चैधरी चरण सिंह की जन्मतिथि पर प्रति किसान को 12000 हजार रुपये देंगे। जबकि, सीमांत किसान को 15 हजार रुपये की सम्मान निधि देंगे। जयंत ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने के नाम पर झूठे वादे किए गए थे। भाजपा ने चुनाव में किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन आज खर्चे बढ़े हैं। किसान की आय नहीं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना ने योगी सरकार के सुशासन की पोल खोल दी है। वहां पर किसान शहीद हुए हैं। वहां पर किसानों के साथ बर्बरता की गई है। सच सामने न आ जाए, इसलिए पुलिस प्रशासन को लगा दिया गया है। लेकिन, मैं लखीमपुर खीरी गया और पीड़ित परिवारों से बात की, वह लोग दुखी हैं। यह किसान पूरे देश के किसानों के अच्छे भविष्य के लिए शहीद हुए हैं। प्रदेश सरकार तो चाहती है कि लखीमपुर खीरी के शहीद किसानों को लोग भूल जाएं, लेकिन इन्हें कतई भूलना नहीं है। उन्होंने कहा कि गन्ना भुगतान वाले 14 दिन के कानून को सरकार खत्म करना चाहती हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। यह कानून खत्म हो गया तो मुसीबत हो जाएगी। कम से कम इस कानून के सहारे किसान न्यायालय जाकर अपने हक की लड़ाई तो लड़ सकता है। जयंत चैधरी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जिस बालीवुड अभिनेत्री कंगना रनौट ने किसानों का आतंकवादी बताया था, वह भाजपा की प्रत्याशी बन गई हैं। जयंत ने 31 अक्टूबर को रालोद का लोक संकल्प पत्र भी जारी किए जाने का ऐलान किया।