हाइलाइट्स
जिम्मी शेरगिल ने भाई के कहने पर शुरू की थी एक्टिंग.
बॉलीवुड के अलावा पंजाबी फिल्मों में भी हैं सक्रिय.
मुंबई. बॉालीवुड में कुछ ऐसे कलकार हैं, जिन्होंने अपने साइड रोल से प्रभावित किया है. ऐसे ही एक कलाकार हैं जिम्मी शेरगिल (Jimmy Sheirgill). जिम्मी ने सोलो हीरो के तौर पर बॉलीवुड में कम फिल्में की हैं. लेकिन उन्होंने जितने भी साइड रोल किए हैं, सभी में उन्हें नोटिस किया गया है. फिल्म ‘माचिस’ से जिम्मी ने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत की थी. इसी फिल्म से एक किस्सा भी जुड़ा है. आइए, जिम्मी के बर्थडे पर इस किस्से और उनके सफर पर बातचीत करते हैं.
जिम्मी पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनका जन्म उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 3 दिसम्बर 1970 को हुआ था. जिम्मी का असल नाम जसजीत सिंह गिल है. जिम्मी ने शुरुआती पढ़ाई लखनऊ से की थी और इसके बाद वे पंजाब चले गए. जिम्मी ने ग्रेजुएशन पंजाब से ही किया. अपने कजिन की बात सुनकर जिम्मी फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने के लिए निकल पड़े थे.
दाढ़ी और लम्बे बाल पड़ गए महंगे
जिम्मी ने अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत गुलजार की फिल्म ‘माचिस’ से की थी. साल 1996 में आई इस फिल्म में उनका किरदार काफी अलग था और उन्हें रफ लुक दिया गया था. इसके लिए जिम्मी को बाल बढ़े करने थे और दाढ़ी लम्बी रखनी थी. इसे लेकर जिम्मी ने एक बार कपिल शर्मा के शो पर बताया था कि इस फिल्म के बाद उन्हें कुछ समय के लिए घर बैठना पड़ गया था. दरअसल, फिल्म में उनका टफ लुक देखने के बाद सभी उन्हें रफ किस्म वाले किरदार ऑफर करने लगे थे. जब फिल्म के बाद वे क्लिन शेव हुए थे तो लोग उन्हें पहचान ही नहीं पाए. यहां तक कि कुछ निर्माताओं ने यह भी कहा कि किरदार के हिसाब से ज्यादा ही मासूम लगते हो. लुक को लेकर काफी दिनों तक जिम्मी घर ही बैठे रहे थे.
जिम्मी ने ब्रेक के बाद फिल्म ‘मोहब्बतें’ से फिल्मी दुनिया में अलग पहचान बनाई और उन्हें कई फिल्में ऑफर होने लगीं. ‘मेरे यार की शादी है’, ‘दिल है तुम्हारा’, ‘हासिल’, ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘अ वेडनेस्डे’, ‘साहब, बीवी और गैंगस्टर’, ‘बुलेट राजा’, ‘तनु वेड्स मनु’ जैसी कई फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया. इसके अलावा जिम्मी पंजाबी फिल्मों में भी सक्रिय हैं. पर्सनल लाइफ की बात करें तो जिम्मी ने 2001 में प्रियंका पुरी से शादी की थी और उनका एक बेटा है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Birthday special
FIRST PUBLISHED : December 03, 2022, 06:30 IST
