disha bhoomi

New Delhi भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर-मध्य भारत में मानसून और उसके पहले प्री-मानसून का इंतजार हो रहा है। इस बीच, शनिवार को पश्चिमी तट पर गोवा, मुंबई को पार करते हुए आगे बढ़ा मानसून रविवार को भी उसी स्थान पर टिका रहा।
हालांकि, अब इसके जल्द ही दक्षिणी गुजरात, आंध्र, तेलंगाना, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों तक पहुंचने के लिए अनुकूल स्थितियां बन चुकी हैं। इसके साथ ही दक्षिणी राजस्थान, अंदरूनी गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बीते प्री-मानसून बारिश हो रही है।
हवा का पैटर्न बता रहा है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश तक 15 जून तक मौसम में बदलाव आने की संभावना नहीं है। यानी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। 15 जून की शाम से या 16 जून को इन राज्यों में आंधी आने की आशंका है।
उत्तरी व मध्य राजस्थान में अगले दो दिनों में बारिश हो सकती है। बिहार में 15 जून से हवाएं बदलेंगी। इसी दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में मध्यम दर्जे का पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होगी।
मध्यप्रदेश: दो दिन बाद अरब सागर ब्रांच के जरिए इंदौर संभाग से आएगा मानसून
मध्यप्रदेश में अरब सागर ब्रांच के जरिए इंदौर संभाग से एंट्री ले सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मानसून की बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच सक्रिय नहीं हुई है, जबकि अरब सागर वाली ब्रांच सक्रिय है।
इसलिए 15 या 16 जून के आसपास मानसून मध्य प्रदेश पहुंच सकता है। साथ ही बीते 24 घंटे में प्रदेश का 50% हिस्सा प्री-मानसून बौछारों से तर हो गया। बारिश से मौसम में घुली ठंडक के कारण गर्मी का लंबा दौर थम सा गया।
बिहार: 48 घंटे में होगी मानसून एंट्री 3-4 दिन में पूरे राज्य में दिखेगा असर
बिहार में अगले 48 घंटे में मानसून की एंट्री होगी। 3-4 दिनों में मानसून पूरे बिहार में अपना असर दिखाना शुरू कर देगा। इसके बाद ही लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मानसून के पहले बिहार में जानलेवा गर्मी जारी है। दक्षिण बिहार में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रही है, वहीं उत्तर बिहार में बारिश से थोड़ी राहत है। राज्य के 5 जिलों में लू का अलर्ट जारी करते हुए 13 जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है।
उत्तर प्रदेश: 17 से 20 जून के बीच मानसूनी बारिश की संभावना, लेकिन 2 दिनों तक पड़ेगी तेज गर्मी
44°C तापमान का टार्चर झेल रहे यूपी वालों को 3 दिन बाद यानी 17 जून को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का दावा है कि उत्तर प्रदेश में 17 से 20 जून के बीच मानसून दस्तक दे सकता है। इससे पहले गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। मौसम विभाग का दावा है कि अगले दो से तीन दिन तक इस तरह भीषण गर्मी पड़ेगी। तापमान 43 से 44°C तक बना रहेगा। हालांकि 15 जून से तापमान 1 से 2°C की कमी हो सकती है। इससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
48 घंटे में मानसून कर्नाटक के बचे हिस्सों, आंध्र, तेलंगाना व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों को कवर कर लेगा। छत्तीसगढ़, ओडिशा, प. बंगाल, झारखंड और बिहार में 15 से 20 जून के बीच मानसून दस्तक देगा। 15 जून तक छत्तीसगढ़, पूर्वी MP में प्री मानसून बौछारें पड़ेंगी।
नई दिल्ली : हल्की बारिश की संभावना लेकिन तापमान बढ़ा
सोमवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश या बूंदा बांदी की संभावना के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है जिससे चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 15-16 जून तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
गुजरात: मानसून की एंट्री, दक्षिण गुजरात-सौराष्ट्र में कई जगह जोरदार बारिश
कर्नाटक में 11 दिनों से अटका मानसून का एक सिरा गुजरात पहुंच गया है। खासकर सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में इसका असर दिखने लगा है। कई इलाकों में हल्की से जोरदार बारिश हुई। शनिवार मध्य रात्रि से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। सूरत में रात 2 बजे के बाद जोरदार बारिश हुई। राजकोट में भी आधा इंच बारिश दर्ज की गई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली।
पंजाब: 12 साल बाद सबसे गर्म सीजन, चंडीगढ़-हरियाणा में 15 जून से बारिश
पंजाब में इस बार 12 साल बाद सबसे गर्म सीजन गुजरा है, जबकि इससे पहले ऐसी गर्मी 2010 में देखने को मिली थी।  अब दिन के समय पारा नीचे आना शुरू हो चुका है। लू का असर अभी 13 जून तक देखने को मिलेगा। 15 जून आंधी-बारिश के साथ बिजली गरज सकती है। ये बदलाव 17 जून तक बना रहेगा।
सबसे गर्म रात मोहाली की रही, यहां न्यूनतम पारा 30.70 रिकॉर्ड हुआ है। चंडीगढ में गर्मी चरम पर है। रविवार काे दिन का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जाे सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा। 16-17 काे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। जिससे 80 फीसदी बारिश होने के आसार हैं।
हरियाणा: पारा सामान्य 5 डिग्री ज्यादा रहा
हरियाणा में रविवार को दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा। नूंह में पारा 46.6 और हिसार में 45 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 15-16 जून को आंधी और बारिश होने की संभावना है।
कुल्लू-मनाली : रोजाना पहुंच रहे 15 हजार से ज्यादा पर्यटक
हिमाचल: कभी भी आ सकता है मानसून
शिमला सहित प्रदेश के 8 जिलों में तेज तूफान के साथ बारिश हुईं। तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार यहां कभी भी मानसून आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *