Delhi – देशभर के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इस साल मार्च के महीने में पूरे देश में गर्मी का प्रचंड मार्च जारी रहा। मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। ऐसा पहली बार है मार्च में लगातार तीसरे दिन सभी मैदानी राज्यों के शहरों में पारा 40 डिग्री के पार हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार यानी आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
वहीं, बुधवार को देश में सबसे अधिक तापमान महाराष्ट्र के चंद्रपुर में 44.2 और अकोला में 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व पूर्वी राजस्थान के अधिकांश शहरों में तापमान लगातार तीसरे दिन 40 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ है। ऐसा पहली बार है। पिछले एक दशक में आमतौर पर पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र व कर्नाटक के कुछ शहरों में मार्च में पारा 40 डिग्री के पार जाता रहा है।
भारतीय मौसम विभाग के विज्ञानी आरके जेनामनी ने बताया, सामान्य रूप से पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश व ओडिशा में मार्च में दो-तीन दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाता था, लेकिन इस बार असाधारण स्थिति है। दिल्ली में 15 मार्च के बाद तापमान सामान्य से 5-10 डिग्री अधिक है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल में 19 से 27 मार्च तक तापमान सामान्य से 9-10 डिग्री ज्यादा रहा। मैदानी इलाकों में 13 से 19 मार्च के बीच हीटवेव आई। 27 मार्च से हीटवेव का दूसरा दौर शुरू हुआ, जो 2 अप्रैल तक चल सकता है। अगले 15 दिन गर्म हवाएं चलती रहेंगी।
राजस्थान और गुजरात से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही सूखी और गर्म हवा से राजधानी भोपाल समेत प्रदेश का एक चौथाई से ज्यादा हिस्सा भट्टी की तरह तप रहा है। प्रदेश के 18 जिले लू की चपेट में हैं। बुधवार को सागर में पारा सामान्य से 5 डिग्री ऊपर 40.7 डिग्री पर पहुंच गया। सागर और राजधानी में सीजन में पहली बार लू चली। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि सागर, भोपाल 12 साल में चौथी बार ऐसी नौबत आई जब मार्च में लू चली और पारा 40 डिग्री पार पहुंच गया।
वेस्ट यूपी में 3 अप्रैल तक लू का भयानक कहर बरपने की आशंका है। इसमें दो से तीन दिन की बढ़ोतरी भी हो सकती है। क्योंकि राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर और जैसलमेर में ‘हीट लो’ (सरफेस एयर) की वजह से 5 अप्रैल तक लू की भविष्यवाणी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अप्रैल के पहले सप्ताह तक आग से धधकती हवा से कोहराम होगा। अलर्ट भी जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गर्मी 41 डिग्री के पार हो गई और पिछले साल का रिकॉर्ड (41.2 डिग्री) टूटा है। मुंगेली प्रदेश में सबसे गर्म है और तापमान 42.4 डिग्री से अधिक हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश में एक-दो जगह लू चलने की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी किया है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें। प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से आ रही हवा के कारण लू की स्थिति बन गई है।
मौसम विभाग के सदस्य नवदीप दहिया ने बताया, गर्मी के दो कारण नजर आ रहे हैं। पहला- लॉन्गटर्म में यह साल भी ला-नीना वर्ष है। ऐसे वर्षों में सर्दी बहुत पड़ती है। मार्च में अचानक तापमान सामान्य से 8-10 डिग्री तक बढ़ता है। हो सकता है गर्मी के पीक सीजन में तापमान ज्यादा न बढ़े। आगे पश्चिमी विक्षोभ ऐसे बनेंगे कि में बारिश हो। दूसरा- इस समय उत्तर भारत के मैदानी इलाके एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन की गिरफ्त में हैं। इसमें बादल नहीं बनते। यानी 15 दिन बारिश की संभावना भी नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *