गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की ऑफिसर सिटी सोसायटी में सिक्योरिटी गार्डों और मेंटेनेंस कर्मचारियों की दबंगई सामने आई है। पहले तो गार्डों ने मेंटेनेंस कर्मियों की मौजूदगी में रेजीडेंट जितेंद्र तोमर को पीटा। बाद में आरोपी गार्डों के बारे में पूछने पर मेंटेनेंस कर्मियों ने सोसायटी में रहने वाले दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अमित कुमार पर हमला कर दिया। सीओ द्वितीय अवनीश कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल से मारपीट करने वाले दो मेंटेनेंस कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही जितेंद्र तोमर की तहरीर पर केस दर्ज कर उनसे मारपीट करने वाले गार्डों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
अमित ने नंदग्राम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 9 अक्तूबर की शाम को उनके सामने वाले फ्लैट में रहने वाली रितु उनके पास आईं। रितु ने बताया कि सोसायटी के गार्डों ने उनके पति जितेंद्र तोमर को बुरी तरह मारा-पीटा है। उन्होंने पति को अस्पताल ले जाने के लिए मदद मांगी। अमित का कहना है कि वह एंबुलेंस में जितेंद्र तोमर को संजयनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार कराकर रात 12 बजे सोसायटी के गेट के सामने आए तो मेंटेनेंस के तीन कर्मचारी और कुछ गार्ड खड़े थे। मारपीट के दौरान मेंटेनेंस के कर्मचारी भी मौके पर थे, लिहाजा जितेंद्र तोमर उनसे आरोपी गार्डों के बारे में पूछने लगे। इसी बात पर वह तैश में आ गए। अमित का कहना है कि मेंटेनेंस कर्मचारियों ने गार्डों की तरफदारी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर लात-घूंसे बरसा दिए। हमले में उनकी नाक से खून बह निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *