गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम में कार सवार बदमाशों ने रईसपुर निवासी सेल्स एग्जीक्यूटिव संजय चौधरी को अगवा कर सोने की चेन और साढ़े 4 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पिटाई कर उन्हेें झाड़ियों में फेंक दिया।उठाकर दोबारा कार में डालकर पिटाई की। बेहोश होने पर मरा समझकर बदमाश करहैड़ा पुल के पास फेंककर फरार हो गए। राहगीर की सूचना पर पहुंची नंदग्राम पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अगले दिन पीड़ित ने मधुबन बापूधाम थाने में तहरीर दी।
संजय ने बताया कि वह बैंकों से लोन दिलाने का काम करते हैं। 8 अक्तूबर की रात करीब 9 बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के टी-प्वाइंट पर रुककर वह एक ठेली पर बर्गर खरीदने लगे। ठेली के पास ही चार-पांच युवक भी खड़े थे। संजय के मुताबिक उन्होंने दुकानदार से जल्दी बर्गर देने को कहा तो युवकों ने उनसे उनके गांव का नाम पूछा। गांव का नाम बताते ही उन्हें गाड़ी में डालकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाश उनकी आंख फोड़ने की बात कर रहे थे। तो कभी नहर में फेंककर सबूत मिटाने की बात कह रहे थे। संजय ने बताया कि वारदात के दौरान उन्होंने बदमाशों की गाड़ी का नंबर याद कर लिया था। जब बदमाश उनको फेंक कर गए तो पत्नी को मेसेज कर दिया था।
