लोनी। पूजा कॉलोनी मंगल बाजार में बृहस्पतिवार को सराफ रामकुमार वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज देखकर भी बदमाशों की पहचान नहीं कर सकी है। अब मृतक की काल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस आशंका जता रही है कि किसी करीबी ने सुपारी देकर व्यापारी की हत्या कराई। पुलिस के अनुसार रामकुमार की शादी के कुछ दिन बाद पारिवारिक विवाद में उनके पिता प्रेमकुमार ने उन्हें संपत्ति से बेदखल कर दिया था।
लोनी सीओ अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि रामकुमार वर्मा की हत्या के बाद पुलिस की दो टीमें रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में लगी हुई हैं। बृहस्पतिवार को घटनास्थल के आसपास की फुटेज में बदमाशों के चेहरे और बाइक के नंबर की पहचान नहीं हो सकी है। बदमाश दिल्ली- सहारनपुर मार्ग पुश्ता पुलिस चौकी की तरफ भागते हुए फुटेज में नजर आए हैं। उन्होंने बताया कि हत्या क्यों हुई, किसने की, क्या कारण रहा है, इसके खुलासे के लिए पुलिस ने देर रात कुछ संदिग्धों से पूछताछ की थी। पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे हैं। पुरानी रंजिश, करीबी ने सुपारी देकर हत्या कराने, घटना के दौरान दुकान पर विवाद होने के बाद हत्या समेत कई एंगल पर पुलिस जांच कर रही है। मृतक की पत्नी ने बताया कि पुलिस ने फुटेज दिखाई है, लेकिन उसमें आरोपियों का चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार की शामकॉलोनी स्थित श्मशान घाट में रामकुमार का अंतिम संस्कार किया गया।
