गाजियाबाद। विजयनगर के बाजार में खरीदारी करते वक्त मंगलसूत्र साफ करने वाले गैंग की दो महिलाओं को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी महिलाओं की पहचान कल्याणपुरी दिल्ली निवासी काजल और पूजा शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि चार महिलाओं का गैंग वारदात कर रहा था। फरार दो महिलाओं की तलाश की जा रही है।
पुराना विजयनगर निवासी गोविंद की पत्नी आरती का कहना है कि वह रविवार को अपनी बहन पूजा, पड़ोसन गीता के साथ विजयनगर बाजार में खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान चार महिलाओं ने उनका मंगलसूत्र साफ कर दिया। चार महिलाओं को भागता देख उन्हें शक हो गया और शोर मचा दिया। लोगों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सकीं। वह शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचीं तो चार संदिग्ध महिलाओं में से दो महिलाएं बैठी मिलीं। उन्हें लोगों ने पकड़ा था।
rदोनों महिलाओं ने थाना फेस-2 नोएडा के भंगेल निवासी समिता देवी का मंगलसूत्र भी चोरी किया था। समिता भी अपनी सहेलियों के साथ बाजार में खरीदारी करने आई थीं।
चारों तरफ से घेरकर साफ करती थी मंगलसूत्र
पुलिस के मुताबिक गैंग की चारों महिलाएं बाजार में खरीदारी करने आने वाली उस महिला को निशाना बनाती थी, जो जेवर पहने हुए होती थी। इसके बाद चारों महिलाएं उस महिला को घेरकर खड़ी हो जातीं और बातों में उलझाकर व धक्कामुक्की करके जेवर साफ कर देतीं। सीओ प्रथम महीपाल सिंह ने बताया कि फरार दो महिलाओं की तलाश की जा रही है।