गाजियाबाद : विवेकानंद नगर निवासी 22 वर्षीय दीपक रविवार सुबह स्विफ्ट कार से जा रहा था। उसके साथ कार्तिक कौशिक, अतुल, विवेक यादव और रितेश भी थे, जो विवेकानंद नगर के ही रहने वाले हैं। जैसे ही कार विवेकानंद नगर फ्लाईओवर के निकट पहुंची तो सामने कुत्ता आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। घायल अन्य चार लोगों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दीपक लोहा मंडी में कारोबारी के यहां नौकरी करता था। हादसे में दीपक की मौत की खबर परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया।
घर से दूध लेने के लिए निकला था दीपक
पुलिस ने बताया कि दीपक घर से दूध लेने के लिए निकला था। रास्ते में परिचित कार्तिक कौशिक, अतुल, विवेक यादव और रितेश मिल गए। जिन्होंने दीपक को कार में बैठा लिया। कार कार्तिक कौशिक की है और वही चला रहा था। हादसे में कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में नहीं बैठता तो बच जाता दीपक
लोगों का कहना था कि दीपक घर से पैदल ही दूध लेने के लिए निकला था। इसी दौरान उसके दोस्त मिल गए। अगर वह दोस्त की कार में बैठकर नहीं जाता तो उसकी जान बच जाती।
बाइक सवार भी आया चपेट में
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ। उस समय एक बाइक सवार भी चपेट में आ गया। उसे भी हल्की चोट आई है। उसे लोगों ने निजी अस्पताल में पहुंचा दिया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।