पेरिस. भारत के किदाम्बी श्रीकांत ने हमवतन लक्ष्य सेन को हराकर फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया. वहीं समीर वर्मा ने इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका गिंटिंग पर अप्रत्याशित जीत दर्ज करके दूसरे दौर में जगह बनाई. दो शीर्ष भारतीय शटलरों के बीच यह करियर की दूसरी भिड़ंत थी. सेन 2021 विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में कांस्य पदक के लिए हुआ पिछला मुकाबला अपने सीनियर हमवतन से हार गए थे. विश्व चैम्पियनशिप 2021 रजत पदक विजेता श्रीकांत ने सेन को 46 मिनट में 21-18, 21-18 से मात दी.

श्रीकांत का सामना अब डेनमार्क के रास्मस गेमके और आयरलैंड के एन एंगुयेन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा. वहीं गैर वरीय भारतीय समीर वर्मा ने दुनिया के छठी वरीयता प्राप्त एंथोनी को एक घंटे 17 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 21-15, 21-23, 22-20 से हराया. उन्होंने मार्च में स्विस ओपन में इसी प्रतिद्वंद्वी से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया. अब दोनों का एक दूसरे के खिलाफ रिकॉर्ड 2-2 का हो गया है.

फ्रेंच ओपन: रंकीरेड्डी-चिराग की जोड़ी प्री क्वार्टर फाइनल में, अन्य भारतीय हारे

समीर वर्मा के साथ एचएस प्रणय भी जीते
समीर वर्मा का सामना अब थाईलैंड के कुंलावुत विदितसर्न से होगा. एच एस प्रणय ने भी मलेशिया के लीयू डारेन को हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली. प्रणय ने निचली रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वी को 21-16, 16-21, 21-16 से हराया. अब उनका सामना चीन के लू गुआंग जू से होगा. पुरूष युगल में एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिला की जोड़ी पांचवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद रियान अरडियंट से 15-21, 16-21 से हार गई.

समीर ने छठी वरीय को चौंकाया
समीर वर्मा ने खिलाड़ी इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका गिंटिंग पर जीत दर्ज कर दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली. समीर ने इंडोनेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ बड़ी आसानी से पहला गेम 21-15 से जीत लिया. हालांकि, इसके बाद गिंटिंग ने दूसरे गेम में जबरदस्त वापसी की और 23-21 से गेम अपने नाम कर लिया. तीसरे गेम में वर्ल्ड नंबर-31 समीर ने एक बार फिर अपना दम दिखाया और 22-20 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया.

Tags: Badminton, French Open, Indian badminton player, Kidambi Srikanth, Lakshya Sen, Sameer Verma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *