Disha Bhoomi

Ghaziabad | गाजियाबाद के लोनी इलाके में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 लोगों की हालत गंभीर है। मरने वालों में घर के मालिक मुनीर का बेटा मुज्जसर, बहू रुकैय्या (24), पोती इनायत (10 महीना) और बेटी सानिया (15 साल) शामिल हैं।
शबनूर, बेबी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अफसर पहुंच गए हैं। कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। जिसके लिए राहत और बचाव कार्य चल रहा है।
घटना लोनी थाना क्षेत्र के बबलू गार्डन की है। यहां ऑटो मैकेनिक मुनीर का दो मंजिला मकान है। इसमें मुनीर की पत्नी, 4 बेटे, 2 बहू और बच्चे रहते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर की रसोई में खाना बन रहा था। हादसे के वक्त मुनीर और उसका एक बेटा घर से बाहर थे।
बताया जा रहा है कि गैस लीकेज होने से रसोई में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया। समय रहते आग पर काबू नहीं पाए जाने से सिलेंडर फट गया। इस वजह से तेज धमाके के साथ घर का ज्यादातर हिस्सा गिर गया। जिसमें घर के लोग दब गए।
धमाके की आवाज सुनकर लोग पहुंचे
धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी से मलबा हटाकर तीन लोगों के शवों को बाहर निकाला। इसके अलावा हादसे में घायल 3 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भेजा। जहां इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया।
मासूम बच्चे ने मुफैद की गोद में दम तोड़ा
इसी इलाके के रहने वाले मुफैद ने बताया, ‘मैं रास्ते से घर जा रहा था। तभी बाइक सवार लोग एक घायल को ले जाते दिखे। मैं तुरंत भागकर मौके पर पहुंचा। 2 साल के बच्चे को मलबे से बाहर निकाला। एंबुलेंस तक पहुंचाने से पहले ही उसने मेरी गोद में दम तोड़ दिया।
‘‘घर से बाहर निकलते ही तेज आवाज हुई’’
पड़ोसी इमनातुल्लाह ने बताया, ‘‘मैं अपने घर से बाहर निकला था।
अचानक तेज आवाज हुई। यहां धूल-मिट्टी इतनी थी कि कुछ नहीं दिख रहा था। एक बच्चा 10-12 साल का सोफे पर बैठा हुआ था। इतने में चीख-पुकार सुनाई दी। तुरंत लोग मौके पर आए और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त जताया है। उन्होंने अफसरों को तत्काल मौके पर जाने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *