उत्तरप्रदेश के मेरठ जिले में शनिवार सुबह एक गोदाम में भीषण विस्फोट होने से एक शख्स की मौत हो गई। धमाका फूलबाग कालोनी के नेहरू नगर स्थित गली नंबर 4 में हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास का बड़ा इलाका दहल गया।
जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी विहार के रहने वाले राजीव शर्मा ने नौचंदी क्षेत्र के नेहरू नगर में सैनिटाइजर का गोदाम बना रखा था। शनिवार सुबह करीब 4 बजे वह किसी काम से गोदाम पर आए थे। इस दौरान गोदाम में तेज धमाका हुआ और आग लग गई। इस हादसे में राजीव बुरी तरह झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां आए और राजीव को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई थी। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि एक माह से गोदाम बंद था। शनिवार को राजीव किसी काम से गोदाम में आए थे, तभी धमाका हो गया।
आसपास के लोगों ने बताया कि धमाका इताना जोरदार था कि आसपास के कई घरों के शीशे टूट गए। ऐसा लगा जैसे बम फट गया हो। लोग डर के कारण बाहर निकल आए। पुलिस मामले की जांच के जुटी है।