नई दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को न्यूज़18 के साथ विशेष बातचीत में कोरोना वायरस संकट के समय दुनिया में भारत के योगदान को प्रमुखता से रखा. उन्होंने कहा कि जब दूसरे देश कोविड-19 वैक्सीन की जमाखोरी कर रहे थे, ऐसे समय में भारत ने दुनिया के कोरोना प्रभावित देशों को वैक्सीन दी और यह सबकुछ पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुआ.
जी20 में स्वास्थ्य को लेकर हुई चर्चा के बारे में पूछने पर मंडाविया ने News18 India के मैनेजिंग एडिटर किशोर अजवाणी के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा, “जी20 जिस तरह से पीएम मोदी के नेतृत्व में सफल हुआ है. भारत की जो प्राथमिकता थी, इससे उसको मंजूरी मिली है. जब कोई महामारी आती है, तो सबको मिलकर काम करना चाहिए. हमने दुनिया के देशों को कोरोना के समय में वैक्सीन दी, जिस तरह दूसरे देश वैक्सीन की जमाखोरी कर रहे थे, ऐसे समय में हमने प्रभावित देशों को वैक्सीन मुहैया कराई. जब हमने दवा दी… वैक्सीन दी… तो लोगों ने पीएम मोदी को फोन करके और ट्वीट करके धन्यवाद किया. इससे विश्व में हमारा सम्मान बढ़ा है.”
जी20 समिट में चीन की वैक्सीन को लेकर चर्चा क्यों नहीं की गई? इस सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा, “जी20 में चीन की तरफ से यह चर्चा का मुद्दा नहीं था, हम तो चर्चा चाहते हैं. हमने दुनिया के देशों को कोरोना संकट के समय में वैक्सीन दी. कोरोना के बाद जो नया वर्ल्ड ऑर्डर बना है, उसमें भारत की सराहना होती है. दुनिया के पास वैक्सीन नहीं थी. रोज चार से पांच जहाज वैक्सीन के लिए आते थे. जब हमने वैक्सीन दी, तो दूसरे देश के शीर्ष नेताओं ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया. इससे हमारी इज्ज्त बढ़ी है.”
उन्होंने कहा कि इस घटना से विश्व में यह संदेश गया है कि भारत एक ऐसा देश है, जो हमेशा दुनिया के साथ खड़ा रहता है और दुनिया ने हमें एक भरोसेमंद सहयोगी के रूप में स्वीकारा है.”
.
Tags: Coronavirus, Coronavirus vaccine, G20 Summit, Mansukh Mandaviya
FIRST PUBLISHED : September 14, 2023, 18:52 IST
