मोदीनगर की कृष्णकुंज कॉलोनी स्थित एक फार्म हाउस में मंगलवार रात को दुल्हे के दोस्तों ने शराब पीकर हुड़दंग मचाया तो दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन व दुल्हा पक्ष के लोगों के बीच खूनी संघर्ष भी हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट व पत्थरबाजी हुई। इस संघर्ष में दुल्हन के भाई सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।  सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया।

एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी निवाड़ी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ तय की थी। मंगलवार शाम को युवक बारात लेकर तिबड़ा मार्ग स्थित फार्म हाउस पहुंचा। बताया जा रहा है कि बारात काफी लेट पहुंची थी, जिस कारण खाना कम पड़ गया था। शुरू में तो सब कुछ ठीक ठाक चलता रहा। दुल्हा चढ़त कराकर मंड़प पर पहुंच गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि चढ़त के बाद फार्म हाउस पहुंचे दुल्हे के दोस्तों ने अत्याधिक शराब पी रखी थी। इतना ही नहीं उन्होंने हलवाई का काम करने वाले मजदूरों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जब दुल्हन के भाई ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर लात घूसे व कुर्सियां चलीं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने पत्थराव भी किया। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया। लड़के पक्ष का आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने अभद्रता की थी। मामला इतना बढ़ा कि पहले दुल्हा शादी करने से आनाकानी करने लगा और फिर दुल्हन ने ही शादी करने से इंकार कर दिया। दुल्हन का कहना है कि जब अब यह हालात हैं तो आगे कैसे होगे। लड़की पक्ष का आरोप है कि दहेज में कार भी मांगी गई, इसलिए शादी नहीं हुई। बुधवार को परिजनों ने लड़की की किसी अन्य युवक के साथ शादी कर दी।

फार्म हाउस में हंगामा होने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुल्हे व उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया। दुल्हन के परिजनों ने इस संबंध में थाने में तहरीर दे दी। इसके बाद दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों के बीच पंचायत हुई। गांव पूठरी के पूर्व प्रधान राकेश कुमार ने इसमें अहम भूमिका निभाई। पंचायत में तय हुआ कि लड़का पक्ष लड़की पक्ष द्वारा दिया गया समस्त सामान लौटाएगा व खाने का खर्चा देगा।

तिबड़ा मार्ग स्थित एक फार्म हाउस में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सूचना पर मौके पर पुलिस को भेजा गया था। लेकिन दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों ने समझौता करा दिया था। जिस कारण दुल्हन पक्ष के लोगों ने तहरीर वापस ले ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *