Modinagar | मोदीनगर में एक गांव में किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में निवाड़ी पुलिस ने महज सात दिन के भीतर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। पुलिस की अगली कोशिश केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर आरोपितों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की होगी।
चार्जशीट करीब पचास पन्नों की है। इसमें किशोरी व उसके पिता को गवाह बनाया गया है। पुलिस कोर्ट में मजबूत पैरवी करने का दावा कर रही है, जिससे आरोपितों को कठोर सजा हो सके। दरअसल, एक महीने पहले एक गांव में किशोरी पशुओं का चारा लेने के लिए खेत में गई थी। वहां एक आरोपित ने किशोरी को खेत में खींचकर दुष्कर्म किया था। विरोध पर पीटा भी था। इतना ही नहीं, आरोपित ने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया था। जिन्होंने किशोरी की अश्लील वीडियो बना ली थी। वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर किशोरी को चुप करा दिया था। किशोरी तभी से गुमसुम रहती थी। मामला जब मीडिया में आया तो पुलिस हरकत में आई। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमों का गठन किया गया। महज 24 घंटे के भीतर ही निवाड़ी पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसीपी मोदीनगर रितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की विवेचना निवाड़ी एसएचओ मयंक अरोड़ा द्वारा की गई। महज 24 घंटे के भीतर ही आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की दी गई है।