Disha Bhoomi

Modinagar |  मोदीनगर की जलालपुर कॉलोनी में गली नंबर 9 में बदमाश मकान का ताला तोड़कर 50 हजार की नकदी व लाखों के सोने चांदी के जेवरात चोरी करके ले गए। रविवार रात घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है।
जलालपुर कॉलोनी की गली नंबर 9 में ब्रह्मपाल यादव अपने पुत्र रोहित यादव व परिवार के साथ रहते हैं। गत 7 दिसम्बर को ब्रहमपाल यादव की मां की मृत्यु हो गई थी। जिस कारण पूरा परिवार सुबह जीतपुर कॉलोनी स्थित दूसरे मकान में चला जाता हैं। सुबह ब्रह्मपाल यादव भी परिवार सहित जीतपुर कॉलोनी चले गए थे।
देर रात घर लौटने पर हुई घटना की जानकारी
रविवार रात 10 बजे के आसपास जब वह अपने घर पहुंचे तो मैन गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर देखा तो सारा समान इधर-उधर बिखरा पड़ा हुआ था। यह देखकर पूरा परिवार हक्का बक्का रह गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। पीड़ित ब्रह्मपाल यादव ने बताया कि बदमाश मैन गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे।
थाना प्रभारी बोले- जल्द घटना का खुलासा होगा
उन्होंने बताया कि सेफ में रखे 50 हजार रुपए, आठ लाख से अधिक के सोने चांदी के जेवरात व अन्य कीमती सामान पर चोरों ने हाथ साफ किया है। किसी ने रेकी करके घटना को अंजाम दिया है। क्योंकि पता था पूरा परिवार सुबह को जाकर शाम को ही आता है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया चोरी होने की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा गया है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जाएगी। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *