Modinagar दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर महागुणपुरम सोसाइटी के पीछे एक व्यक्ति की जली हुई लाश मिली है। ये व्यक्ति कल शाम से लापता था। परिजन हत्या की आशंका जता रहें हैं, वहीं पुलिस करंट से झुलसकर मौत होना मान रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान 35 साल के अनिल के रूप में हुई है। वो मध्यप्रदेश में छतरपुर जिले के कस्बा मल्हौर का रहने वाला था। फिलहाल परिवार सहित गाजियाबाद के शास्त्रीनगर में किराए के मकान में रहता था। पेशे से अनिल राजमिस्त्री था। सोमवार को भी वो काम पर गया था, लेकिन शाम को घर नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह कविनगर थाना क्षेत्र में महागुणपुरम सोसाइटी के पीछे खाली जमीन पर एक शव पड़ा मिला। उसकी पहचान अनिल के रूप में हुई। अनिल के साथ ही रहने वाले उसके भांजे ने पहुंचकर शिनाख्त की।
इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि शरीर पर जलने के निशान हैं। ये ऐसे निशान हैं, जैसे करंट से झुलसने के बाद होते हैं। पास में ही एक ट्रांसफार्मर भी है। इसलिए करंट लगकर झुलसने से मौत की आशंका ज्यादा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।