Lucknow विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। सत्र शुरू होते ही सपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। एक घंटे 10 मिनट तक राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिभाषण चला। इस दौरान सपा विधायक ‘राज्यपाल वापस जाओ’ के नारे लगाते रहे। सरकार विरोधी, महंगाई और बेरोजगारी के पोस्टर लहराए गए। वेल तक पहुंचकर सपा विधायकों ने हंगामा किया।
योगी सरकार 2.0 का यह पहला बजट सत्र है। 6 दिनों तक चलने वाले इस सत्र में सरकार 26 मई को अपना बड़ा बजट पेश करेगी। यह बजट 6.5 लाख करोड़ का होगा। बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले सीएम योगी ने मीडिया से बात की।
राज्यपाल के अभिभाषण की बड़ी बातें –
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा- 20 सिंचाई योजनाओं को पूरा किया गया।
किसानों का बकाया भुगतान किया गया, दो हजार से ज्यादा भू-माफिया पर कार्रवाई की गई।
प्रकृति और वनों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों से मिलकर काम किया जा रहा है।
अवैध कब्जे की शिकायत ऑनलाइन दर्ज की व्यवस्था की गई। एंटी भू माफिया अभियान चलाया गया।
पीएम ग्रामीण सड़क योजना से पांच सालों में 3 हजार किमी. से ज्यादा सड़क बनाई गई।
शहीद हुए परिवार को आर्थिक सहायता के लिए 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख कर दिया गया।
यूपी में डिफेंस कॉरिडोर पर तेजी से काम होगा। हवाई सेवा बेहतर करने पर जोर रहेगा।
बजट सत्र शुरू होने से पहले योगी ने कहा, “गंभीर और प्रभावी बहस के साथ बजट पास हो। यह 2022-23 का बजट रहेगा। 25 करोड़ लोगों के विकास के लिए, गरीबों के कल्याण और समाज के हर वर्ग का बजट में ध्यान रहेगा।” उधर, विधानसभा में सपा विधायक हाथ में सरकार विरोधी स्लोगन के पोस्टर लेकर पहुंचे हैं।
विपक्ष इस बार ज्यादा मजबूत हुआ
इस बार विधानसभा में भाजपा के 255 विधायक हैं। इसके अलावा उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के 12 और निषाद पार्टी के 6 सदस्य हैं। इस तरह सत्ता पक्ष के कुल 273 विधायक हैं। दूसरी ओर विपक्ष इस बार ज्यादा मजबूत हुआ है। मुख्य विपक्षी दल सपा के 111 विधायक हैं। जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल के 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 6 विधायक हैं। इस तरह सपा प्लस की कुल विधायक संख्या 125 है।
वहीं, कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2-2, तो बहुजन समाज पार्टी का एक सदस्य है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधानमंडल के बजट सत्र से पहले जोर देकर कहा कि पहले सत्र से ही सदन प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।
उधर, सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र को लेकर भाजपा ने रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई थी। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के सभी विधायक और एमएलसी पहुंचे। इस दौरान यूपी सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि बहुत शालीनता के साथ शांतिपूर्ण माहौल में सदन चलेगा।
चार विधेयक भी पारित किए जाएंगे
26 मई को सरकार दोनों सदनों में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पेश करेगी। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला बजट होगा। इसके अलावा विधानमंडल के पिछले सत्र के बाद लाए गए 4 अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयकों को भी सरकार बजट सत्र में पारित कराएगी। इनमें भातखंडे राज्य संस्कृति विश्वविद्यालय अध्यादेश, 2022, उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय संशोधन अध्यादेश, 2022, उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास संशोधन अध्यादेश, 2022 और उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय संशोधन अध्यादेश, 2022 शामिल हैं।