मोदीनगर : नगर के हापुड़ मार्ग स्थित गांव गदाना के ग्रामीणों ने सरकार से मिले पट्टों की जमीन कब्जाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए बुधवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उप जिलाधिकारी ने उन्हें जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। सुबह करीब 11 बजे गदाना गांव से लोग ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर मोदीनगर तहसील पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि उन्होंने सरकार की तरफ से जमीन के पट्टे दिये गए थे। लेकिन गांव के कुछ आरोपित इनपर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों को निर्माण नहीं करने दिया जा रहा है। इसको लेकर कई बार विवाद भी हो चुका है। आरोपित आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। ऐसे में यहां माहौल बिगड़ने से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में अधिकारियों को इस तरफ ध्यान देने की जरूरत है। एसडीएम ने उनकी बात सुनी और जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया। इस मौके पर सुमन, बबीता, कमला, सतराम, वीरपाल, बब्लू, पप्पू, रोहित, श्रीओम, दीपक, रीतू आदि उपस्थित रहे।
