प्रयागराज से बीजेपी सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी की आठ साल की पोती का सोमवार देर रात निधन हो गया। रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी की बेटी किया सोमवार शाम साढ़े चार बजे के करीब बच्चों के साथ पटाखे फोड़ते समय जल गई थी। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान देर रात उसका निधन हो गया।

सांसद रीता बहुगुणा ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव से बात कर बच्ची को एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाने की तैयारी कर ली थी। मंगलवार सुबह बच्ची को दिल्ली ले जाना था, लेकिन 1.30 से 2 बजे के आसपास बच्ची को सांस लेने में तकलीफ हुई और फिर डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

आधी रात बच्ची के निधन होने की सूचना मिलने के बाद मयंक दिल्ली से प्रयागराज रवाना हो गए। सांसद डॉ. रीता जोशी अपने पति पीसी जोशी के साथ दीपावली पर प्रयागराज आवास पर आई थीं।

सांसद के मीडिया प्रभारी अभिषेक शुक्ल ने बताया कि बच्चे घर की छत पर खेल रहे थे। इस दौरान पटाखा फटने से किया बुरी तरह घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके 60 प्रतिशत तक जलने की जानकारी दी।

बच्ची को पहले कोरोना भी हुआ था जिसे हराकर फिर से जिंदगी को पटरी पर ले आयी थी मासूम। पर पटाखे के आगे बेबस हो गयी जन्दगी |सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, बहू रिचा के साथ पोती किया 9 सितंबर को कोरोना पॉजीटिव पाई गई थी, जिसके बाद तीनों लोगों को पीजीआई लखनऊ से मेदांता दिल्ली शिफ्ट किया गया था। सांसद के पति पीसी जोशी का मेदांता पहले से इलाज चल रहा था। दीपावली पर बच्चों के साथ किया भी चहक उठी लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here