ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे पर सोमवार की रात तेज रफ्तार डंपर डिवाइडर को तोड़कर दूसरी तरफ जा रही गाड़ी से टकरा गया। हादसे के दौरान गाड़ी में सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि डंपर के चालक को नींद की झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। हादसे की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे एक्सप्रेस वे कर्मियों ने किसी तरह घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सिद्धार्थनगर नगर पंचायत शोहरतगढ़ की अध्यक्ष बबिता कसौधन की देवरानी रीता पत्नी भोला दिल्ली के किसी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी किडनी का ट्रांसप्लांट मंगलवार को होना था। उन्हें देखने के लिए अध्यक्ष के पति व हियुवा नेता सुभाष गुप्त, उनकी पुत्री रिंकी गुप्ता (20), देवरानी अनीता (40) पत्नी दिनेश गुप्त व भतीजी सुमन (20) पुत्री भोला रविवार को स्कार्पियो से घर से निकले थे। चिल्हिया थाना क्षेत्र के गौहनिया निवासी पवन दुबे (35) पुत्र नरेंद्र दुबे गाड़ी चला रहा था।
लखनऊ में रुकने के बाद सोमवार देर शाम दिल्ली के लिए सभी रवाना हुए। रात करीब साढ़े बारह बजे गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर थाना के रामपुर बांगर पुल के पास यमुना एक्सप्रेस वे पर ग्रेटर नोएडा की तरफ से आ रहे एक डंपर ने डिवाइडर तोड़ते हुए उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही नगर पंचायत अध्यक्ष की बेटी रिंकी, देवरानी अनीता व ड्राइवर पवन दुबे की मौत हो गई, जबकि उनके पति सुभाष गुप्त व भतीजी सुमन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही उनके परिवारीजनों को रात करीब ढाई बजे सूचना दी। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया। नगर पंचायत अध्यक्ष का बेटा सौरभ गुप्त अपने साथियों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। इधर मामले की जानकारी होने पर कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही सहित तमाम लोग शोक संवेदना व्यक्त करने अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
हियुवा के देवीपाटन मंडल के प्रभारी हैं सुभाष :
मार्ग दुर्घटना में घायल नगर पंचायत अध्यक्ष के पति सुभाष गुप्त हिन्दू युवा वाहिनी के देवीपाटन मंडल के प्रभारी हैं। जिले के कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती है।