-पारिवारिक विवाद में पिंक बूथ पर की थी शिकायत, पुलिस पर टरकाने का आरोप
मोदीनगर
कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में बीडीएस छात्रा द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। उनकी मां ने महिला पुलिस कर्मी पर बार बार कॉल करने के चलते छात्रा द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का आरोप लगाया है। छात्रा की हालत अस्पताल में गंभीर बनी है। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गईं है।
नगर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि उनकी पुत्री दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित एक डेंटल कॉलेज में बीडीएस फाइनल की छात्रा है। बताया कि महिला का सास ससुर और जेठ जेठानी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। सास ससुर ने गोविंदपुरी स्थित पिंक बूथ पर मामले की तहरीर दी थी। महिला के अनुसार इसके बाद उनका समझौता हो गया। आरोप है कि समझौता होने के बाद पिंक बूथ पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी बार-बार कॉल कर उनकी पुत्री को अपने पास बुला रही थी। पिंक बूथ से पुलिसकर्मी का कई बार कॉल आने से छात्रा घबरा गई और उसने मंगलवार दोपहर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मी के उत्पीड़न से मानसिक तनाव में आने के बाद छात्रा ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया। महिला ने थाने में तहरीर दी। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि महिला ने अपने सास ससुर और जेठ जेठानी के खिलाफ मारपीट व परेशान करने की तहरीर दी है। तहरीर में महिला पुलिसकर्मी के विषय में कोई उल्लेख नहीं है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।