हरियाणा बनाम तमिलनाडु
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2023 के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने तमिलनाडु को मात देने के साथ पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह को पक्का किय है। हरियाणा ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 293 रन बनाए थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु की टीम 47.1 ओवरों में 230 रन बनाकर सिमट गई और उन्हें 63 रनों से इस अहम मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा के लिए इस मैच में अंशुल कम्बोज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए।
हरियाणा की तरफ से हिमांशु राणा ने खेली शानदार शतकीय पारी
इस अहम मैच में हरियाणा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम को पहला झटका 14 के स्कोर पर अंकित कुमार के रूप में लगा जो 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे हिमांशु राणा ने युवराज सिंह के साथ मिलकर 100 से अधिक रनों की साझेदारी करने के साथ टीम के लिए बड़े स्कोर की नींव को रखने का काम किया। हरियाणा को 146 के स्कोर पर दूसरा झटका युवराज के रूप में लगा जो 65 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। हिमांशु ने यहां से एक छोर से पारी को संभालते हुए लगातार रनों की गति को बरकरार रखने का काम किया। 206 के स्कोर तक हरियाणा ने 6 विकेट गंवा दिए थे।
हिमांशु ने यहां से सुमित कुमार के साथ मिलकर पारी को ना सिर्फ संभाला बल्कि तेजी के साथ रन भी बनाए। दोनों के बीच हुई 50 से अधिक रनों की साझेदारी ने हरियाणा को इस मैच में 298 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। हिमांशु ने जहां इस मैच में 118 गेंदों में 116 रनों की नाबाद पारी खेली तो वहीं सुमित ने 30 गेंदों में 48 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में तमिलनाडु के लिए टी नटराजन ने 3 जबकि साई किशोर और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट हासिल किए।
तमिलनाडु की टीम शुरू से दिखी दबाव में
294 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु टीम शुरू से ही बड़े स्कोर के दबाव में दिखी। टीम ने 9 के स्कोर तक अपने 2 अहम विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद एन. जगदीशन और विजय शंकर ने पारी को संभालते हुए स्कोर 50 के पार पहुंचाया। हालांकि 54 के स्कोर पर तीसरा और फिर 76 के स्कोर पर तमिलनाडु ने अपना चौथा विकेट भी गंवा दिया। 134 के स्कोर तक आधी तमिलनाडु की टीम पवेलियन लौट चुकी थी। यहां से बाबा इंद्रजीत ने जरूर टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का प्रयास किया लेकिन वह भी 71 गेंदों में 64 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके बाद तमिलनाडु की पारी इस मैच में 47.1 ओवरों में 230 रन बनाकर सिमट गई। हरियाणा के लिए इस मैच में अंशुल कम्बोज ने जहां 4 विकेट लिए तो वहीं राहुल तेवतिया ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।
ये भी पढ़ें
भारतीय टीम में इस खिलाड़ी को नहीं मिली जगह, अब इंग्लैंड की धरती पर खेलेगा क्रिकेट
BCCI ने बड़े अवॉर्ड के लिए इस खिलाड़ी के नाम की कर दी सिफारिश, लिस्ट में ये प्लेयर्स भी शामिल
