नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरने पर बैठे पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को नया बल मिलता दिख रहा है. अब वर्ष 2014 में लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में मौजूद फिजियोथेरेपिस्ट परमजीत मलिक ने सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मलिक के मुताबिक, उस नेशनल कैंप में कम से कम 3 जूनियर महिला पहलवानों ने कथित रूप से उन्हें बताया कि उन्हें ‘रात में बृजभूषण से मिलने के लिए कहा गया’ और इसके लिए उन्हें किस तरह के दबाव का सामना करना पड़ा.
अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, जंतर-मंतर पर पहलवानों के विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए फिजियोथेरेपिस्ट परमजीत मलिक ने कहा कि लड़कियां अपनी स्थिति के बारे में सीनियर पहलवानों को बताते हुए रो पड़ी थीं. बकौल परमजीत उन्होंने तत्कालीन महिला कोच कुलदीप मलिक को इस बारे में सूचना दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.
परमजीत ने बताया कि वह फरवरी में बृजभूषण के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए खेल मंत्रालय द्वारा गठित निगरानी समिति के समक्ष दो बार पेश हुए थे. उन्होंने कहा कि कमेटी को भी उन्होंने 2014 वाली इस घटना के बारे में बताया था.
ये भी पढ़ें- ‘मामला कोर्ट में है, सब ठीक हो जाएगा’ : पहलवान खिलाड़ियों के सवाल पर बोले बृजभूषण शरण सिंह
परमजीत मलिक ने 2014 के कैंप को याद करते हुए दावा किया कि उन्होंने ‘तीन से चार’ कैडेट पहलवानों को लखनऊ में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र में कैंप से बाहर जाते हुए देखा. उन्होंने बताया, ‘ये लड़कियां रात 10 बजे के बाद जा रही थीं. मैंने देखा कि जो लोग उन्हें वाहनों में लेने आए थे, वे बृजभूषण से जुड़े लोग थे, जिनमें उनका ड्राइवर भी शामिल था. बाद में लड़कियों ने पुष्टि की कि उनके साथ क्या हो रहा है.’
परमजीत ने बताया, ‘लड़कियों ने हमें बताया कि उन्हें रात में बृजभूषण से मिलने के लिए कहा गया और इसके लिए उनपर दबाव बनाया गया. उस समय कम से कम तीन लड़कियां थीं जिन्होंने सीनियर पहलवानों से इस बारे में बात की थी. मैं इन कैडेट पहलवानों को रोते हुए अपनी आपबीती सुनाते हुए देख रहा था.’
जंतर-मंतर पर धरने पर एक पहलवान ने भी परमजीत के इन आरोपों की पुष्टि की है. 2014 के लखनऊ कैंप में शामिल हुए इस पहलवान ने कहा कि इन आरोपों की भी जांच होनी चाहिए.
वहीं अखबार के मुताबिक, इस बारे में उसने बृजभूषण शरण सिंह और कुलदीप मलिक की प्रतिक्रिया लेने की कई बार कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया. वैसे बृजभूषण ने इससे पहले इन तमाम आरोपों का लगातार खंडन किया है और कहा है कि वे उनके खिलाफ एक साजिश का हिस्सा हैं.
.
Tags: BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Indian Wrestler, Wrestling Federation of India
FIRST PUBLISHED : April 27, 2023, 10:51 IST
