नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच बुधवार देर रात कहासुनी हो गई. पहलवानों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही बारिश के कारण उन्होंने सोने के लिए फोल्डिंग बेड सोने के लिए मंगवाए थे. लेकिन, पुलिस ने इसे धरना स्थल पर पहुंचने से पहले ही रोक दिया. इसके बाद पहलवानों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की तक हो गई. इससे विनेश फोगाट आहत हो गईं और आधी रात को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोने लगीं. उन्होंने कहा कि हम देश के लिए मेडल लाए और हमारे साथ अपराधियों से व्यवहार किया जा रहा.

विनेश फोगाट ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, “बारिश के कारण हमारे गद्दे भीग गए थे. इसलिए फोल्डिंग बेड मंगाए थे. हमारे पास सोने की जगह भी नहीं है. लेकिन, हम फोल्डिंग बेड लाने लगे तो दिल्ली पुलिस के अफसर ने हमें धक्के मारकर भगा दिया. हम अपनी मान-सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं. क्या इतनी इज्जत गिराओगे. अगर मारना ही है तो ऐसे ही मार दो. क्या इस दिन के लिए मेडल लेकर आए थे हम. अगर यही हाल होना है तो हम तो यही चाहेंगे की कोई भी खिलाड़ी मेडल जीतकर न लाए.”

बजरंग ने भी पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए
वहीं, रेसलर बजरंग पूनिया ने भी दिल्ली पुलिस पर गालियां देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है. बता दें कि पुलिस और पहलवानों की झड़प में विनेश फोगाट के भाई के सिर में चोट आई है. इसके अलावा बेड लेकर पहुंचे आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती को हिरासत में ले लिया गया था. हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.

पुलिस ने जांच की बात कही
पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच हुई झड़प पर डीसीपी प्रणव तायल ने कहा, “आप विधायक सोमनाथ भारती धरना स्थल पर फोल्डिंग बेड लेकर आए थे. लेकिन, इसकी परमिशन नहीं थी. इसलिए बेड को अंदर लाने से मना किया गया. इस पर पहलवानों के समर्थक बैरीकेडिंग पर आ गए और जबरदस्ती बेड अंदर ले जाने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान विवाद होने लगा. हमने पहलवानों से कहा है कि वो अपनी शिकायत दे दें हम इसकी जांच कराएंगे.”

Tags: Bajrang punia, BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Vinesh phogat, Wrestling

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *