बेंगलुरु. रूस के लूना-25 चंद्र मिशन की नाकामी का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-3 अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा. भारत के शीर्ष अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने यह जानकारी दी. रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोसमोस ने रविवार को एक बयान में कहा कि अनियंत्रित कक्षा में प्रवेश करने के बाद लूना-25 अंतरिक्ष यान चंद्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

चंद्रयान-2 मिशन को 2019 में भेजे जाने के समय इसरो प्रमुख रहे के. सिवन ने सोमवार को पीटीआई से कहा, ‘इसका कोई असर नहीं पड़ेगा.’ उनसे यह पूछा गया था कि रूसी मिशन की नाकामी के बाद क्या इसरो ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ से पहले अतिरिक्त दबाव में है.

इसरो ने रविवार को कहा था कि चंद्रयान-3 मिशन का ‘लैंडर मॉड्यूल’ चंद्रमा की सतह पर बुधवार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर उतरने वाला है. सिवन ने कहा, ‘यह (चंद्रयान-3 मिशन) योजना के मुताबिक आगे बढ़ रहा. यह (सॉफ्ट लैंडिंग) योजना के अनुसार होगा. हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार (चंद्रयान-2) के उलट यह (सतह पर उतरने में) सफल रहेगा.’

इसरो के पूर्व अध्यक्ष जी माधवन नायर ने कुछ हलकों में हो रही इस चर्चा को खारिज कर दिया कि भारत और रूस चंद्रमा पर पहुंचने की दौड़ में शामिल हैं. उन्होंने कहा कि लूना-25 का दुर्घटनाग्रस्त होना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा, ‘मैं (लैंडर) मॉड्यूल के बारे में जानता हूं. यह 2008 में तैयार हो गया था. जब मैंने प्रयोगशाला (रूस में) का दौरा किया था, उन्होंने मुझे मॉड्यूल दिखाया था. उनके पास उस वक्त उसे मिशन पर भेजने के लिए संसाधन नहीं थे, इसलिए इसे लंबे समय तक ठंडे बस्ते में रखा गया था.’

चंद्रयान-3 मिशन पर इसका कोई असर पड़ने की संभावना से इनकार करते हुए नायर ने कहा कि भारत का यह मिशन पूरी तरह से आत्मनिर्भर है और हम ‘हम उन पर (रूस पर) निर्भर नहीं हैं.’ अभी रूस के साथ भारत का अंतरिक्ष सहयोग मानव को अंतरिक्ष में भेजने के गगनयान अंतरिक्ष अभियान के लिए भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को प्रशिक्षण देने तक सीमित है.

रूस की अंतरिक्ष एजेंसी ‘रोसकॉसमॉस’ ने 20 अगस्त को कहा था कि उसका लूना-25 अंतरिक्ष यान चंद्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. उसने बताया था कि उसका मानवरहित रोबोट लैंडर कक्षा में अनियंत्रित होने के बाद चंद्रमा से टकरा गया. एजेंसी ने एक बयान में कहा था, ‘लैंडर एक अप्रत्याशित कक्षा में चला गया और चंद्रमा की सतह से टकराने के परिणामस्वरूप क्षतिग्रस्त हो गया.’ रूस ने 10 अगस्त को लूना-25 अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण किया था.

Tags: Chandrayaan-3, ISRO, Moon, Russia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *