जारका (जॉर्डन). प्रियंगका देवी के गोल से भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने मंगलवार को जॉर्डन के प्रिंस मोहम्मद स्टेडियम में पहले फ्रेंडली मैच में मिस्र की कम रैंकिंग वाली टीम को 1-0 से हराया. भारतीय टीम की ओर से यह प्रियंगका का पहला गोल रहा. पहले हाफ में भारतीय टीम ने दुनिया की 95वें नंबर की मिस्र की टीम के खिलाफ दबादबा बनाने की कोशिश की. कप्तान आशालता देवी ने 18वें मिनट में अच्छा मूव बनाया लेकिन लंबी दूरी से मारे उनके शॉट पर गेंद को कब्जे में लेने वाली अंजू ने निराश किया.
इसके 2 मिनट बाद मनीषा को गोल करने का बेहतरीन मौका मिला लेकिन दालिमा के पास पर दाएं छोर से उनके शॉट को मिस्र की गोलकीपर ने रोक दिया. भारत ने लगातार हमले बोलकर विरोधी टीम को दबाव में रखा और इसका फायदा मेहमान टीम को 30वें मिनट में मिला जब प्रियंगका ने उसे बढ़त दिला दी जो अंत में निर्णायक गोल साबित हुआ.
इसे भी देखें, वीमंस मैच देखने के लिए पहुंचे इतने दर्शक, टूट गया 23 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड- Video
मनीषा के क्रॉस पर दालिमा ने प्रियंगका को पास दिया और इस युवा मिडफील्डर ने गोल दागने में कोई गलती नहीं की. भारतीय टीम हाफ टाइम तक 1-0 से आगे थी. दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अधिक मौके बनाए. भारतीय मुख्य कोच थॉमस डेनरबी ने फॉरवर्ड रेनु की जगह प्यारी शाशा को उतारा.
प्यारी 53वें मिनट में गोल करने के करीब पहुंची लेकिन गोलकीपर ने उनके हमले को नाकाम कर दिया. दोनों टीम ने इसके बाद गोल करने के कई प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली. भारत ने इस तरह जॉर्डन में अपनी पहली जीत दर्ज की.
भारत की मेजबानी में जनवरी-फरवरी में हुए एएफसी एशियाई कप के ग्रुप चरण से राष्ट्रीय टीम को बाहर होना पड़ा था क्योंकि मुंबई में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल (बायो-सिक्योर) में कोविड-19 मामलों के कारण वे टीम उतारने में सक्षम नहीं थे. उस टूर्नामेंट के बाद यह भारतीय महिला टीम का पहला मुकाबला था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Football, Indian football, Sports news
FIRST PUBLISHED : April 06, 2022, 17:07 IST
