म्यूनिख. विलारियाल ने मंगलवार को 6 बार के यूरोपीय चैंपियन बायर्न म्यूनिख को हराकर उलटफेर करते हुए चैंपियंस लीग (Champions League) के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. विलारियाल की टीम 2006 के बाद पहली बार चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में पहुंची है. विलारियाल ने क्वार्टरफाइनल के दूसरे मैच में मंगलवार 1-1 से ड्रॉ की बदौलत कुल 2-1 के स्कोर से अंतिम चार में स्थान पक्का किया. उसने क्वार्टरफाइनल के पहले मैच में बायर्न म्यूनिख को घरेलू मैदान पर 1-0 से हराया था.

विलारियाल के लिए 88वें मिनट में सैमुअल चुकवुएजे ने गोल कर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. बायर्न म्यूनिख ने 52वें मिनट में रोबर्ट लेवांडोवस्की के गोल से बढ़त बनायी थी लेकिन क्लब के खिलाड़ियों ने कई बार गोल करने के मौके गंवाए.

इसे भी देखें, करीम बेंजेमा ने फिर किया गोल, चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में पहुंचा रियल मैड्रिड

विलारियाल के स्ट्राइकर गेरार्ड मोरेनो ने कहा, ‘आज उन्होंने गलती की और हमने उसका फायदा उठाया. इस टीम ने जो किया है वो शानदार है.’ विलारियाल टीम ने यूरोपा लीग में जीत से चैंपियंस लीग के लिए क्वालिफाई किया था जबकि स्पेनिश लीग में 7वें स्थान पर चल रही है.

बायर्न म्यूनिख ने 2020 में यूरोपीय कप जीता था और बुंदेसलीगा में शीर्ष पर चल रही है. ड्रॉ के बाद बायर्न म्यूनिख के निराश सुपरस्टार मैदान पर गिर गए जबकि विलारियाल के स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान पर अपने साथियों के साथ जश्न मनाने दौड़ पड़े. विलारियाल के कोच उनाई एमरे ने मैच के बाद कहा, ‘हमारा छोटा शहर है लेकिन उनके पास मजबूत खिलाड़ी हैं.’

Tags: Champions league, Football, Sports news, UEFA Champions League

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *