नई दिल्ली. मेजबान कतर को फीफा वर्ल्ड कप के लगातार दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है. इस हार के बाद अब उसके उपर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. शुक्रवार को ग्रुप ए के मुकाबले में सेनेगल के खिलाफ कतर को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा. सेनेगल की यह पहली जीत रही जबकि मेजबान की दूसरी हार. पहले मैच में कतर को इक्वाडोर से भी हार मिली थी.
सेनेगल के 3 गोल, कतर ने भी खोला खाता
इस मुकाबले में शुरुआती 40 मिनट तक कतर ने काफी अच्छा खेल दिखाया. मैच में कड़ी टक्कर देते हुए कोई गोल होने नहीं दिया. हालांकि टीम गोल करने में भी कामयाब नहीं हो पाई. सेनेगल की तरफ से बूलाए डिया ने 41वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया. हाफ टाइम तक इस मुकाबले में कोई और गोल देखने को नहीं मिला.
फामारा डिडिहोउ ने शानदार हेडर के के जरिए 48वें मिनट में गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया. कतर के लिए मोहम्मद मुंटारी 78वें मिनट में हेडर के जरिए गोल कर टीम का खाता खोला. टीम की तरफ से वह विश्व कप इतिहास में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने. सेनेगल की तरफ से बाम्बा डिएंग ने 84वें मिनट गोल कर टीम को 3-1 से आगे कर दिया. मैच में इसके बाद ज्यादा वक्त नहीं बचा था और कतर की टीम वापसी करने में नाकाम रही.
वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर कतर
फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप 2022 के छठे दिन (25 नवंबर) कतर को सेनेगल की टीम ने 3-1 से हरा कर उसके टूर्नामेंट में आगे जाने की उम्मीदों को करारा झटका दिया. टीम को दो लगातार हार मिली है और उसने गोल भी महज 1 ही किया है. अब उसकी सारी उम्मीदें नीदरलैंड और इक्वाडोर के बीच होने वाले मैच से है. अगर नीदरलैंड्स की टीम मैच हार जाती है तो कतर के अगले दौर में जाने की उम्मीद बनी रहेगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Fifa world cup, Fifa World Cup 2022
FIRST PUBLISHED : November 25, 2022, 22:04 IST
