नई दिल्ली. दिल्ली जल बोर्ड घोटाले (Delhi Water Board Scam) मामले में तीन मुख्य आरोपियों को एंटी करप्शन ब्रांच (Anti Corruption Branch) ने गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया एक आरोपी रूस से भारत आया था जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई. सभी आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. दिल्ली जल बोर्ड के बिल कलेक्शन में करोड़ों के घोटाले का खुलासा हुआ है. इस घोटाले के आरोप में ही बिल कलेक्शन करने वाली कंपनी के 3 अधिकारी गिरफ्तार किए गए हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस मामले में Aurrrum e payment के मालिक और निदेशक राजेंद्रन कीजेदाथ नायर को गिरफ्तार किया गया है. नायर के पास रूस का भी पासपोर्ट है ,वैसे मूलरूप से वो केरला के रहने वाले हैं. इसके साथ ही सीएफओ गोपी कुमार केडिया भी गिरफ्तार किए गए हैं. साथ ही साथ Freshpay IT solution के डायरेक्टर रहे और Aurrum e payemnt में एडिशनल डायरेक्टर डॉक्टर अभिलाष वासुकुत्तन पिल्लई को भी गिरफ्तार किया गया है.
जानें क्या है मामला
दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच को शिकायत मिली थी कि दिल्ली जल बोर्ड ने कॉर्पोरेशन बैंक (Corporation Bank) को अपने उपभोक्ताओं के बिल कलेक्शन का जिम्मा दिया था. इसके लिए बैंक से साल 2012 में 3 साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट किया गया था. बाद में इसे साल 2016, फिर 2017 और 2019 तक के लिए बढ़ाया गया. उपभोक्ताओं के पानी के बिलों के भुगतान के कैश और चेक के लिए जल बोर्ड के ही स्थानीय दफ्तरों में ई-क्योस्क मशीनें लगाई गईं.
एसीबी सूत्रों के मुताबिक, कॉरपोरेशन बैंक ने कैश और चेक कलेक्शन की जिम्मेदारी M/s Freshpay IT Solution Pvt Ltd को सौंपी थी. उसे इस पैसे को सीधा दिल्ली जल बोर्ड के खाते में जमा कराना था लेकिन इस कंपनी ने ई-क्योस्क मशीन से चेक और कैश कलेक्ट कर फेडरल बैंक के खाते में जमा कराए. फेडरल बैंक के जिस खाते में M/s Freshpay IT Solution Pvt Ltd ने पैसा जमा कराया वह बैंक खाता M/s Aurrum E-Payment Pvt Ltd के नाम था.
इसके बाद फेडरल बैंक के जिस अकाउंट में रकम जमा कराई, उस खाते से RTGS के जरिए अलग-अलग तारीखों में पैसा ट्रांसफर कर दिया गया लेकिन पता चला कि पैसा जल बोर्ड के अकाउंट में ट्रांसफर न करके कहीं और किया गया. साल 2019 में इस फर्जीवाड़े की जानकारी दिल्ली जल बोर्ड को हुई. लेकिन जल बोर्ड ने अपना पैसा रिकवर करने के बजाए कॉन्ट्रेक्ट रिन्यू किया. चेक और कैश कलेक्शन के लिए दी जाने वाली फीस 5 रुपये प्रति बिल की जगह बढ़ाकर 6 रुपये कर दी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : February 13, 2023, 21:30 IST
