नई दिल्ली: शाहरुख खान-दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म ‘पठान’ (Pathaan) की रिलीज डेट जैसे-जैसे पास आ रही है, वैसे-वैसे इसकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. गाने ‘बेशरम रंग’ के चलते ‘पठान’ को न सिर्फ बायकॉट किया गया, बल्कि शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण को धमकियां भी मिलीं.

‘बेशरम रंग’ में दीपिका को भगवा रंग का स्विमसूट पहनना भारी पड़ गया, जिसकी वजह से मेकर्स पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा है. अब सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने गाने में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जब फिल्म ‘पठान’ प्रमाणन के लिए सीबीएफसी के पास पहुंची, तो इसके अध्यक्ष प्रसून जोशी ने गाने में बदलाव करने के आदेश दे दिए.

मेकर्स को अब समिति की सिफारिश के अनुसार, गाने और फिल्म में बदलाव करने हैं और फिल्म को रिलीज करने से पहले, समिति के समझ सभी बदलावों के साथ फिल्म को प्रस्तुत करना है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रसून जोशी ने अपनी एक स्टेटमेंट में कहा, ‘सीबीएफसी दर्शकों की भावनाओं और रचनात्मक अभिव्यक्ति के बीच, संतुलन कायम करने को लेकर कार्य कर रहा है. हमें भरोसा है कि बातचीत के जरिये हल निकल सकता है.’

प्रसून जोशी ने बयान में आगे कहा, ‘हमें अपनी गौरवशाली संस्कृति और आस्थाओं को लकेर सचेत रहना है, ताकि चीजें सच से दूर न जा सकें. ऑडियंस और क्रिएटर्स के बीच विश्वास बना रहना चाहिए.’ बता दें कि ‘पठान’ सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी है, जिसके गाने ‘बेशरम रंग’ को लेकर कई नेताओं ने नाराजगी जताई थी.

Tags: Deepika padukone, Shah rukh khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *