RRR स्टार जूनियर एनटीआर जहां साउथ के सुपरस्टार हैं तो वहीं प्रशांत नील कन्नड़ सिनेमा के ब्लॉकबस्टर डायरेक्टर हैं. अलग- अलग इंडस्ट्री से ताल्लुक रखने वाली इन दोनों शख्सियतों के बीच कमाल की बॉन्डिंग है. प्रोफेशनल लाइफ में भी और पर्सनल लाइफ में भी इनके बीच अच्छी दोस्ती है. जी हां, आपको शायद ही जानकारी होगी कि तेलुगू अभिनेता जूनियर एनटीआर और कन्नड़ फिल्म निर्माता प्रशांत नील अपनी शादी की सालगिरह साझा करते हैं. जी हां, ये सच है. जिस तारीख को जूनियर एनटीआर ने 5 मई 2011 में लक्ष्मी प्रणति से शादी की थी, उसी डेट पर प्रशांत नील ने पिछले साल 5 मई 2021 में लिकिथा से शादी की थी. यह जूनियर एनटीआर खुद थे जिन्होंने इंस्टाग्राम पर इस मजेदार तथ्य का खुलासा किया.
एक ही दिन मनाते हैं शादी की सालगिरह
गौरतलब है कि जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर शेयर की थी जिसमें दोनों कपल एक साथ नजर आए थे. फोटो के साथ, जूनियर एनटीआर ने लिखा था, ‘जब आप सालगिरह साझा करते हैं, तो यह एक उत्सव का आह्वान होता है.’ उन्होंने हैशटैग ‘नई शुरुआत’ का भी इस्तेमाल किया और तब पोस्ट पर फैंस के कमेंट्स की बाढ़ सी आ गई थी.
इस साल दोनों की फिल्मों का रहा भौकाल
जूनियर एनटीआर और प्रशांत नील दोनों ने इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दो भारतीय फिल्में दीं हैं. जहां जूनियर एनटीआर ने राम चरण के साथ एसएस राजामौली की आरआरआर में अभिनय किया, वहीं प्रशांत नील केजीएफ के सीक्वल के साथ लौटे. दोनों ही फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को गौरवान्वित कराया है और दुनियाभर के दर्शकों से प्यार पाया है.
प्रशांत नील ने अपने निर्देशन की शुरुआत 2014 में कन्नड़ फिल्म उग्रम से की थी और बाद में उन्होंने केजीएफ के दोनों भागों का निर्देशन किया, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई. अब वे अपनी आगामी फिल्म में जूनियर एनटीआर को लेने वाले हैं जिसके टाइटल का अभी खुलासा नहीं हुआ है.
20 साल से जूनियर एनटीआर के फैन हैं प्रशांत नील
एक इंटरव्यू में प्रशांत नील ने जूनियर एनटीआर के साथ अपने बंधन के बारे में पूछे जाने पर कहा था, ‘मैं पिछले 15 से 20 वर्षों से एनटीआर का प्रशंसक रहा हूं. स्क्रिप्ट का काम शुरू करने से पहले हम 10 से 15 बार यूं ही मिल चुके हैं. मैं उसे थोड़ा और समझना चाहता था और मेरे सभी अभिनेताओं के साथ मेरा यही रिएक्शन होता है. भले ही इस जोड़ी ने अभी तक किसी फिल्म में साथ काम न किया हो लेकिन इनके बीच रिश्ते काफी अच्छे हैं. चूंकि असल जिंदगी में भी ये दोनों दर्जनों बार मिल चुके हैं और ऐसा खुद प्रशांत नील बयां कर चुके हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Jr NTR, South cinema, South cinema News
FIRST PUBLISHED : December 24, 2022, 08:00 IST
